एस.पी. भोजराम पटैल ने त्वरित कार्रवाई पर सरगांव थाना स्टाफ की सराहना…
मुंगेली-[जनहित न्यूज़]
मुंगेली पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में मुंगेली पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। थाना सरगांव क्षेत्र के ग्राम टिकैत पेण्ड्री में हुई मारपीट और जानलेवा हमले के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, प्रार्थी जितेन्द्र गायकवाड निवासी मोहदी द्वारा 19 जुलाई 2025 को थाना सरगांव में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि ग्राम टिकैत पेण्ड्री के रहने वाले कन्हैया बघेल अपने परिवार के साथ एक राय होकर हॉकी स्टीक, रॉड और डण्डा से लैस होकर उसके घर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए प्रार्थी एवं उसके परिजनों पर हमला कर दिया। घटना में पीड़ित परिवार के कई सदस्य घायल हो गए थे और दुकान व स्कूटी को भी नुकसान पहुंचाया गया था।
इस पर अपराध क्रमांक 92/2025 धारा 296, 115(2), 351(2), 324(2), 191(2), 191(3), 117(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने पहले सात आरोपियों कन्हैया बघेल, किशन बघेल, महेन्द्र, जीवन बघेल, रामबिलास बघेल, विजय कुमार बघेल और अजय कुमार को 10 सितंबर 2025 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा था। वहीं मुख्य आरोपी सरजू उर्फ शेरा लहरे, जो घटना के बाद से फरार था, को पुलिस ने 5 नवंबर 2025 को बिल्हा (जिला बिलासपुर) से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

पुलिस ने सभी आरोपियों से घटना में प्रयुक्त हॉकी स्टीक, रॉड और डण्डा बरामद किए हैं। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक संतोष शर्मा थाना प्रभारी सरगांव, सउनि अजय चौरसिया, प्रआर सतीश डहरिया, आर रिपीन बनर्जी, भेलेश्वर जायसवाल, रामू निषाद एवं भंवर सिंह की भूमिका सराहनीय रही।
मुंगेली पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने टीम की कार्यकुशलता की सराहना करते हुए फरार आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी को सरगांव पुलिस की बड़ी उपलब्धि बताया।

