18 यात्री हुए घायल दो की हालत गम्भीर सिम्स में जिंदगी और मौत के बीच लड़ रहे जंग…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज]
रतनपुर-कोरबा नेशनल हाईवे पर मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने यात्रियों की सामान्य यात्रा को भयावह मंजर में बदल दिया। तेज रफ्तार यात्री बस खड़े ट्रेलर से जा टकराई, टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार यात्री सीटों से उछल पड़े। इस दर्दनाक हादसे में 18 यात्री घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है।
घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तत्काल छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स), बिलासपुर पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

हादसे की सूचना मिलते ही सिम्स अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति और चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह सुबह-सुबह अस्पताल पहुंचे और स्वयं उपचार व्यवस्थाओं की कमान संभाली। आपातकालीन सेवाओं को तत्काल सक्रिय कर सभी आवश्यक जांचें एक्स-रे, सीटी स्कैन, ब्लड टेस्ट निशुल्क कराई गईं। गंभीर घायलों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है।

इस दौरान जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल भी सिम्स पहुंचे। उन्होंने घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि इलाज में किसी भी प्रकार की कमी न रहे।
सिम्स अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति ने कहा कि, दुर्घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल की सभी आपातकालीन सेवाओं को अलर्ट कर दिया गया। घायलों को तत्काल और समुचित इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है।

वहीं चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह ने बताया, सभी घायलों का उपचार पूरी संवेदनशीलता के साथ किया जा रहा है। गंभीर मरीजों की स्थिति पर विशेषज्ञ टीम लगातार नजर बनाए हुए है।
यह हादसा एक बार फिर हाईवे पर खड़े भारी वाहनों और तेज रफ्तार की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े करता है,एक छोटी सी चूक कैसे कई जिंदगियों को खतरे में डाल देती है।

