लोरमी थाना क्षेत्र में विशेष वाहन चेकिंग अभियान…यातायात नियमों का उल्लंघन 53 वाहन चालकों पर हुई कार्रवाई…
मुंगेली-{जनहित न्यूज़}
मुंगेली जिले में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक मुंगेली भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के सशक्त निर्देशन में लोरमी थाना क्षेत्र में विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 53 वाहन चालकों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई।

एसपी भोजराम पटेल की स्पष्ट सोच है कि सख्ती के साथ जागरूकता ही सड़क सुरक्षा की कुंजी है। इसी सोच को धरातल पर उतारते हुए लोरमी पुलिस ने विशेष रूप से दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी, प्रेशर हॉर्न के अनधिकृत उपयोग तथा नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने जैसे गंभीर उल्लंघनों पर फोकस किया।
यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुंगेली श्रीमती नवनीत कौर छाबड़ा एवं एसडीओपी लोरमी हरविंदर सिंह के मार्गदर्शन में अंजाम दी गई, जिसमें थाना लोरमी पुलिस टीम की सक्रिय और सराहनीय भूमिका रही।

एसपी भोजराम पटेल का स्पष्ट संदेश नियम तोड़ना नहीं, नियम बचाते हैं जीवन
पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने आम नागरिकों, विशेषकर अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि…
18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को वाहन न दें, अन्यथा वाहन मालिक पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दोपहिया चालकों के लिए हेलमेट और चारपहिया चालकों के लिए सीट बेल्ट अनिवार्य रूप से अपनाएं।

तेज रफ्तार से बचें, क्योंकि यही अधिकांश सड़क हादसों की जड़ है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा कोई एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाली जिम्मेदारी है, और यह विशेष कार्रवाई आगे भी पूरे जिले में सख्ती से जारी रहेगी।

लोरमी पुलिस की यह कार्रवाई न केवल नियम तोड़ने वालों के लिए चेतावनी है, बल्कि कानून का पालन करने वालों के लिए सुरक्षा का भरोसा भी।
संदेश साफ है सुरक्षित यातायात, सुरक्षित जीवन।

