महापौर पूजा विधानी बोलीं…
नारी सम्मान और सहभागिता से ही सशक्त समाज का होगा निर्माण…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] बिलासपुर सराफा एसोसिएशन द्वारा आयोजित सेवा संकल्प अभियान एवं उपभोक्ता जागरूकता अभियान के सप्तम दिवस का आयोजन नारी शक्ति के सम्मान, सहभागिता और सशक्तिकरण को समर्पित रहा। कार्यक्रम में बिलासपुर महापौर श्रीमती पूजा विधानी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम का भाव यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते, रमन्ते तत्र देवताः के संदेश पर केंद्रित रहा।
कार्यक्रम में अग्रवाल महिला समिति बिलासपुर की अध्यक्ष श्रीमती विनीता केजरीवाल एवं मारवाड़ी सोनी महिला समिति बिलासपुर की अध्यक्ष श्रीमती वंदना सोनी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। वहीं सराफा समाज की महिला शक्ति के रूप में श्रीमती प्रमिला गुमा एवं श्रीमती सावित्री जाजोदिया की विशेष उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां भारती की आरती एवं वंदेमातरम् के सामूहिक गान से हुआ। इस अवसर पर श्रीमती गीता सोनी एवं श्रीमती अनीता सोनी ने मुख्य अतिथि महापौर पूजा विधानी का स्वागत एवं अभिनंदन किया। कार्यक्रम में श्रीमती अरुणा शर्मा, श्रीमती रंजना अग्रवाल, श्रीमती संगीता शर्मा, श्रीमती संगीता अग्रवाल, श्रीमती मधु बागडिया, श्रीमती निकिता सोनी, श्रीमती शोभा ताज श्रीमती निर्मला शर्मा सहित बड़ी संख्या में महिलाओं की सहभागिता रही।

महिला सहभागिता के बिना समग्र विकास अधूरा-:
छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष कमल सोनी ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि सप्तम दिवस का पूरा आयोजन नारी शक्ति को समर्पित है। उन्होंने भारत माता के साथ देश की समस्त मातृशक्ति को नमन करते हुए कहा कि परिवार से लेकर समाज और राष्ट्र निर्माण तक महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। महिलाओं की सक्रिय सहभागिता के बिना समग्र विकास की कल्पना अधूरी है।
उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से विभिन्न सामाजिक एवं व्यापारिक वर्गों को एक मंच पर लाने के साथ-साथ महिला शक्ति की सहभागिता को भी विशेष महत्व दिया जा रहा है। उन्होंने उपस्थित महिला अतिथियों एवं महिला संगठनों का अभिनंदन करते हुए समाजहित में उनकी सक्रिय भूमिका की सराहना की।
महिलाएं हर क्षेत्र में निभा रहीं निर्णायक भूमिका पूजा विधानी:-
मुख्य अतिथि महापौर श्रीमती पूजा विधानी ने अपने संबोधन में महिला शक्ति की बढ़ती भूमिका, नेतृत्व, आत्मनिर्भरता और सामाजिक सहभागिता पर विचार रखे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं की विभिन्न क्षेत्रों में बढ़ती भागीदारी तथा उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयासों का उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि आज महिलाएं शिक्षा, प्रशासन, व्यापार, राजनीति, उद्यमिता और सामाजिक नेतृत्व सहित अनेक क्षेत्रों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने महिलाओं से शहर एवं समाज के विकास में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया। महापौर ने कहा कि नारी के सम्मान, सहभागिता और नेतृत्व को मजबूत किए बिना सशक्त समाज की परिकल्पना पूरी नहीं हो सकती।

महिला सम्मान और सामाजिक सहभागिता पर हुआ सार्थक संवाद:-
कार्यक्रम के दौरान महिला संगठनों एवं सराफा समाज की महिला शक्ति के बीच महिला सम्मान, सामाजिक सहभागिता, नेतृत्व और समाज निर्माण में महिलाओं की भूमिका जैसे विषयों पर सार्थक संवाद हुआ। आयोजन में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की।

इस अवसर पर बिलासपुर सराफा एसोसिएशन के कार्यकारी अध्यक्ष अजय सराफ, महासचिव श्रीकांत पांडे एवं कोषाध्यक्ष रौनक साव सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन सुश्री अलंकृता मिश्रा ने किया। अंत में श्रीमती निहारिका त्रिपाठी ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, सराफा समाज की महिला शक्ति एवं उपस्थित सभी महिलाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
सेवा संकल्प अभियान एवं उपभोक्ता जागरूकता अभियान का आयोजन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक प्रतिदिन शाम 6 बजे किया जा रहा है। अभियान के आगामी कार्यक्रमों में नागरिकों एवं व्यापारियों को सादर आमंत्रित किया गया है।

