लिम्हा में 10.25 करोड़ की सड़क, डंगनिया-कोरबी और बसहा में
भी सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा…
गांव-गांव तक पहुंचेगा विकास
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में बुधवार को विकास कार्यों की बड़ी शुरुआत हुई। ग्राम पंचायत डंगनिया, खैरा (ड), बसहा, लिम्हा और कोरबी में कुल 1867.02 लाख रुपये यानी करीब 18.67 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत सड़क निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला रहे। अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी ने की। जनपद पंचायत अध्यक्ष रामकुमार कौशिक एवं जिला पंचायत सभापति अनुसुईया जागेंद्र कश्यप विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी-कार्यकर्ता, संबंधित विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।

लिम्हा में 10.25 करोड़ की सड़क परियोजना
लिम्हा में विकास कार्यों के तहत खोंधरा मेन रोड से पटपरी तक 10.10 किलोमीटर सड़क का प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत 1025.13 लाख रुपये की लागत से शिलान्यास किया गया। यह परियोजना ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराने के साथ आवागमन को सुगम बनाने में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

डंगनिया में 2.70 किमी सड़क का शिलान्यास
ग्राम पंचायत डंगनिया में मेन रोड डंगनिया से बगीचापारा तक 2.70 किलोमीटर सड़क का निर्माण प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 249.85 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा।
बसहा और कोरबी में भी सड़क परियोजनाओं को मंजूरी:-
बसहा में 142.93 लाख रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इनमें सीसी रोड, मुक्तिधाम, मंच, पचरी, अतिरिक्त कक्ष, उपस्वास्थ्य केंद्र में आहाता एवं शौचालय, सामुदायिक भवन सहित अन्य कार्य शामिल हैं। इसके अलावा बसहा से नवाडीह कड़री तक 0.80 किलोमीटर सड़क के लिए 75.69 लाख रुपये की लागत से शिलान्यास किया गया।
वहीं कोरबी में 373.20 लाख रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं सड़क परियोजना का शिलान्यास हुआ। इनमें सामुदायिक भवन परिसर का विकास, 400 मीटर सीसी रोड, सामुदायिक शौचालय, दुकान एवं प्रतीक्षालय सहित अन्य कार्य शामिल हैं। साथ ही कोरबी से हरदीपारा तक 3.90 किलोमीटर सड़क का निर्माण 349.52 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा।

खैरा में स्वास्थ्य, शिक्षा और जनसुविधाओं पर जोर:-
ग्राम पंचायत खैरा (ड) में 75.91 लाख रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इनमें शेवाबाड़ी में उपस्वास्थ्य केंद्र, दो बालिका शौचालय, सामुदायिक भवन, आहाता निर्माण और सीसी रोड सहित अन्य कार्य शामिल हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य, शिक्षा एवं मूलभूत सुविधाओं के विस्तार को गति मिलने की उम्मीद है।

विधायक बोले…
सड़क संपर्क से खुलेंगे विकास के नए रास्ते
विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व तथा उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा के मार्गदर्शन में प्रदेश में विकास कार्यों को गति मिली है। बेलतरा विधानसभा में भी ग्रामीणों की जरूरत के अनुरूप सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि लिम्हा, डंगनिया, कोरबी और बसहा में प्रस्तावित सड़क परियोजनाएं ग्रामीण कनेक्टिविटी को मजबूत करेंगी। बेहतर सड़क संपर्क से ग्रामीणों के लिए आवागमन के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों तक पहुंच आसान होगी। उन्होंने कहा कि लक्ष्य है कि बेलतरा विधानसभा का कोई भी गांव बुनियादी सुविधाओं से वंचित न रहे और विकास कार्यों का लाभ सीधे ग्रामीणों तक पहुंचे।

बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण रहे मौजूद:-
कार्यक्रम में उमेश गौरहा, शंकरदयाल शुक्ला, जनकराम देवांगन, विक्रम सिंह, प्रणव शर्मा, जनपद सदस्य उषा अमरसिंह सोरठे, मंडल अध्यक्ष मणीदास मानिकपुरी, भरत कश्यप, गंगा साहू, मनोज पटेल, सरपंच बुधेस्वर कश्यप, सत्या जितेंद्र काछी, मंजू लक्ष्मी सूर्यवंशी, मनु सारथी, राजकुमार श्याम, सुनील श्रीवास, आशीष पटेल, सुनील कश्यप, हरबंश कस्तूरिया सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी-कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

