कोटा थाना का किया औचक निरीक्षण… अपराधियों में मचा हड़कंप फरियादियों को मिला भरोसा…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज]
जिले में सशक्त, जवाबदेह और जनसंवेदनशील पुलिसिंग की दिशा में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भा.पु.से.) लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। इसी कड़ी में आज उन्होंने थाना कोटा का आकस्मिक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था की जमीनी हकीकत परखी और अधिकारियों कर्मचारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं, जनता की सुरक्षा सर्वोपरि है।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी सिंह ने थाना परिसर में उपस्थित फरियादियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएँ सुनीं और उनके त्वरित व प्रभावी निराकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इससे फरियादियों में भरोसे और संतोष का माहौल देखने को मिला।
निरीक्षण के क्रम में सीसीटीएनएस कक्ष में जाकर प्रणाली के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई। रिकॉर्ड संधारण, अद्यतन प्रविष्टियों और तकनीकी प्रक्रियाओं की बारीकी से जांच कर ऑपरेटर को आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए गए।
रीडर शाखा में पासपोर्ट सत्यापन एवं चरित्र सत्यापन से संबंधित लंबित आवेदनों के शीघ्र निराकरण हेतु सख्त निर्देश जारी किए गए।
विवेचक कक्ष में एसएसपी ने स्वयं पुराने लंबित अपराधों का अवलोकन किया और विवेचकों को गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध विवेचना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने-अपने बीट क्षेत्रों में सतत गश्त, चोरी व नकबजनी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण तथा आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रधान आरक्षक सत्यप्रकाश यादव को चोरी के प्रकरणों में गिरफ्तारी एवं बरामदगी पर नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जिससे पुलिसकर्मियों में उत्साह और कार्यप्रेरणा का संचार हुआ।
कानून-व्यवस्था को सख्त बनाए रखने के उद्देश्य से थाना में 6 गुंडा बदमाशों को तलब कर एसएसपी द्वारा कड़ी हिदायत दी गई। थाना प्रभारी कोटा ने अवगत कराया कि क्षेत्र में अपराध नियंत्रण हेतु लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। विगत दिनों में 19 गुंडे-बदमाशों एवं असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की गई है, वहीं आज ही 6 बदमाशों के विरुद्ध धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई, जिनमें चाकूबाजी जैसे गंभीर अपराधों में पूर्व में संलिप्त तथा जेल से रिहा होने के बाद पुनः आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय अपराधी शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त एसएसपी श्री सिंह ने अनुविभागीय पुलिस अधिकारी, कोटा कार्यालय का भी निरीक्षण कर एसडीओपी कोटा को प्रभावी सुपरविजन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान शिकायतों एवं अपराधों की विस्तृत समीक्षा भी की गई।
निरीक्षण उपरांत एसएसपी ने नगर के गणमान्य नागरिकों से मुलाकात कर उनकी तथा नगर की समस्याओं को जाना और सफल पुलिसिंग के लिए जनभागीदारी पर जोर दिया। बैठक में नशे के आदी युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने, नगर में बढ़ते सड़क हादसों पर नियंत्रण तथा आने वाले त्योहारों को दुर्घटनारहित एवं शांतिपूर्ण ढंग से मनाने जैसे विषयों पर गहन चर्चा की गई।
कुल मिलाकर, एसएसपी रजनेश सिंह का यह आकस्मिक निरीक्षण न केवल पुलिस तंत्र में कसावट लाने वाला रहा, बल्कि अपराधियों को सख्त संदेश और आमजन को सुरक्षा का भरोसा देने वाला साबित हुआ।

