हिंदू संगठन से जुड़े युवक की आत्महत्या से मचा हड़कंप…
वीडियो में सोहेल खान पर मौत का आरोप, पुलिस कार्रवाई पर उठे गम्भीर सवाल…!
कोतवाली थाने में उग्र प्रदर्शन…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज]
बिलासपुर में हिंदू संगठन से जुड़े एक युवक की आत्महत्या ने पूरे शहर में सनसनी फैला दी है। आत्महत्या से पहले युवक द्वारा बनाया गया वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उसने सोहेल खान नामक युवक को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया है। इस घटना के बाद न सिर्फ आरोपी पर गंभीर आरोप लगे हैं, बल्कि पुलिस प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
मृतक युवक ने वीडियो में स्पष्ट रूप से कहा कि शिकायत करने के बावजूद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की और उस पर बयान बदलने का दबाव बनाया गया। वीडियो में भावुक होते हुए उसने कहा मैं मरने जा रहा हूं, मेरी मौत का कारण सोहेल खान है। पुलिस ने मेरा झूठा बयान लिया है। राम सिंह भैया और छत्रपाल भाई मुझे इंसाफ दिला देना।
युवक की मौत की खबर फैलते ही हिंदू संगठन से जुड़े कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने सिटी कोतवाली थाने का घेराव कर जमकर बवाल मचाया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर धरना शुरू कर दिया, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। हालात को संभालने के लिए शहर और आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल और टीआई को कोतवाली बुलाया गया।
प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं की मुख्य मांग है कि आरोपी सोहेल खान को तत्काल गिरफ्तार किया जाए और मामले में सख्त से सख्त कार्रवाई हो। उनका आरोप है कि यदि समय रहते पुलिस ने कार्रवाई की होती तो युवक की जान बचाई जा सकती थी। वही इस मामले में एस.एस.पी रजनेश सिंह ने हालात को देखते हुए अपना पक्ष रखते हुए कहा कि कोतवाली प्रकरण के आरोपी सोहेल ख़ान को पुलिस ने आज देर शाम को गिरफ़्तार कर लिया है और प्रक्रण में कार्यवाही कर उसे रिमांड पर लिया जाएगा।

पुलिस ने प्रकरण की विधिवत जाँच की प्रार्थी से घटनाक्रम की जानकारी के बाद उसके बताए अनुसार रिपोर्ट लिखी गई और CCTV इत्यादि साक्ष्य जुटाए गए हैं किंतु इसी बीच प्रार्थी ने मुंगेली में अपने निवास में आत्महत्या की है इसकी जाँच मुंगेली पुलिस कर रही है और प्रकरण दर्ज कर अग्रिम कार्यवाही करेगी।
जानकारी के अनुसार मृतक नरेश साहू (19) मूल रूप से मुंगेली जिले के बामपारा का रहने वाला था। वह बिलासपुर के चिंगराजपारा गणेश चौक, सरकंडा क्षेत्र में रहकर निजी नौकरी करता था और हिंदू संगठन से भी सक्रिय रूप से जुड़ा हुआ था।
28 दिसंबर 2025 को वह बांग्लादेश हिंसा के विरोध में हुए प्रदर्शन में शामिल हुआ था। आरोप है कि इसी बात को लेकर 31 दिसंबर की रात करीब 8:50 बजे शनिचरी रपटा के पास सोहेल खान और उसके एक साथी ने उसका पीछा कर रास्ता रोका, गाली-गलौज की और बेरहमी से मारपीट की। मारपीट के दौरान उसके कपड़े तक फट गए और चाकूनुमा हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी गई। भयभीत होकर नरेश अपनी बाइक मौके पर छोड़कर भागा और बाद में सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई।
अब युवक की आत्महत्या और वायरल वीडियो के बाद मामला और गंभीर हो गया है। शहर में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है और सभी की निगाहें पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

