बिलासपुर पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई 140 आरोपी गिरफ़्तार 248 शिकायतों का त्वरित समाधान अपराधियों में मचा हड़कंप…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
जिले में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर लगाम कसने के उद्देश्य से बिलासपुर पुलिस द्वारा चलाया जा रहा “प्रहार अभियान” एक बार फिर पूरी तरह सफल साबित हुआ है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के नेतृत्व और सख्त निर्देशन में जिलेभर में की गई सघन कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मच गया है, वहीं आम नागरिकों ने राहत की सांस ली है।

दिनांक 04–05 जनवरी 2026 की दरम्यानी रात जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में व्यापक कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया गया। इस विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 140 आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की।

गिरफ्तार आरोपियों में
30 स्थायी वारंटी,
69 गिरफ्तारी वारंटी,
23 फरार आरोपी,
06 संदिग्ध गुंडा/निगरानी बदमाश शामिल हैं।

सभी आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
अभियान के दौरान पुलिस ने अवैध हथियारों के विरुद्ध भी सख्त रुख अपनाया। थाना तोरवा, सिविल लाइन, कोनी एवं चकरभाठा क्षेत्रों में 5 आरोपियों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया गया।


इनके कब्जे से चाकू एवं अन्य धारदार हथियार बरामद किए गए, जिनके विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत पृथक से कार्रवाई की गई है।

इतना ही नहीं, 03 एवं 04 जनवरी 2026 को जिले के सभी थाना क्षेत्रों में चलाए गए विशेष अभियान के तहत आम नागरिकों से प्राप्त कुल 248 शिकायतों का त्वरित एवं सफल निराकरण किया गया। इनमें 125 सामान्य (सादरी) शिकायतें, 123 स्थानीय शिकायतें शामिल रहीं।

इस पूरे अभियान का संचालन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर/ग्रामीण/ACCU) के मार्गदर्शन में संबंधित CSP एवं SDOP के माध्यम से सभी थाना प्रभारियों द्वारा तड़के प्रारंभ किया गया, जिसका असर सीधे तौर पर जिले की कानून-व्यवस्था पर देखने को मिला।

बिलासपुर पुलिस के इस निरंतर और प्रभावी एक्शन से स्पष्ट है कि अपराधियों और असामाजिक तत्वों के लिए जिले में कोई जगह नहीं है।

प्रहार अभियान के माध्यम से पुलिस न केवल अपराध पर नियंत्रण स्थापित कर रही है, बल्कि आम नागरिकों में सुरक्षा, विश्वास और कानून-व्यवस्था के प्रति भरोसा भी लगातार मजबूत कर रही है।

