यातायात थाना परिसर में लर्निंग लाइसेंस एवं वाहन बीमा शिविर में उमड़े शहर के नागरिक…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत यातायात पुलिस बिलासपुर द्वारा आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने लगातार प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं। भूतल परिवहन मंत्रालय भारत सरकार एवं पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामगोपाल करियारे के नेतृत्व में जिला पुलिस बल बिलासपुर द्वारा 01 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक सड़क सुरक्षा माह का आयोजन किया जा रहा है।
इस अभियान के तहत आज दिनांक 13 जनवरी 2026 को सत्यम चौक स्थित यातायात थाना परिसर में लर्निंग लाइसेंस एवं वाहन बीमा शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें शहर के नागरिकों ने भारी संख्या में पहुंचकर लर्निंग लाइसेंस बनवाया एवं वाहन बीमा का लाभ उठाया। नागरिकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी यह दर्शाती है कि अब सड़क सुरक्षा को लेकर समाज में जागरूकता बढ़ रही है।

वहीं दूसरी ओर, NCC एवं NSS के छात्र-छात्राओं ने लेफ्टिनेंट आशीष शर्मा के नेतृत्व में नगर के प्रमुख चौक-चौराहों पर यातायात जागरूकता गतिविधियां संचालित कीं। डीपी विप्र महाविद्यालय के एनसीसी सीनियर कैडेट्स ने यातायात पुलिस के साथ मिलकर यातायात प्रबंधन, फ्री लेफ्ट सिस्टम एवं नियमों के पालन को लेकर नागरिकों को जागरूक किया। इस दौरान छात्रा सैनिक शारदा सरोटे, पायल प्रधान, आंचल जांगड़े, ज्योति कैवर्त, प्राची अग्रवाल, अनुष्का शर्मा, राफिया फातिमा सहित छात्र सैनिक आदित्य गिरी गोस्वामी, अतुल सिंह, मनजीत खंडे, अजय निर्मलकर, अक्षत साहू एवं अभिनव टेकनयन बंजारे ने सराहनीय सेवा दी।

यातायात पुलिस बिलासपुर के विशेष आह्वान पर स्व-सहायता समूहों एवं आम नागरिकों की सहभागिता भी लगातार बढ़ रही है। नागरिक स्वयं सड़क सुरक्षा के संवाहक बनकर जिले के विभिन्न हिस्सों में लोगों को नियमों के पालन हेतु प्रेरित कर रहे हैं।

यातायात पुलिस बिलासपुर ने जिले के समस्त नागरिकों से अपील की है कि वे हेलमेट व सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग करें, गति सीमा का पालन करें, शराब पीकर वाहन न चलाएं एवं यातायात नियमों का सम्मान करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
संदेश स्पष्ट है।

नियमों का पालन ही सुरक्षित यात्रा की गारंटी है। सड़क सुरक्षा में सहभागी बनें, स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों की जान भी बचाएं।

