कार्यकर्ताओं में दिखा जबरदस्त उत्साह… ढोल-नगाड़ों, गाजे-बाजे पार्टी झंडों के साथ जमकर मनाई खुशियाँ…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
भारतीय जनता पार्टी को नया राष्ट्रीय नेतृत्व मिल गया है। नितिन नवीन आज सर्वसम्मति से भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित किए गए। कुछ दिन पूर्व पार्टी नेतृत्व द्वारा उन्हें कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोनीत किया गया था, जिस पर आज प्रातः आधिकारिक मुहर लग गई।
इस ऐतिहासिक घोषणा के बाद बिलासपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय पहुँचे और ढोल-नगाड़ों, गाजे-बाजे व पार्टी झंडों के साथ जमकर खुशियाँ मनाईं।

कार्यालय परिसर देशभक्ति व पार्टी नारों से गूंज उठा। कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़कर और मिठाइयाँ बाँटकर एक-दूसरे को बधाई दी।
उल्लेखनीय है कि नितिन नवीन हाल ही में संपन्न बिहार विधानसभा चुनाव में भारी बहुमत से विजयी हुए हैं और वर्तमान में नीतीश कुमार मंत्रिमंडल में लोक निर्माण विभाग (PWD) के कैबिनेट मंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। इससे पूर्व भी वे बिहार सरकार में कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं। इसके साथ ही वे लंबे समय तक छत्तीसगढ़ के प्रभारी संगठन मंत्री रहे हैं, जिसके चलते उनका बिलासपुर सहित प्रदेशभर में संगठनात्मक गतिविधियों के लिए निरंतर आना-जाना रहा है।

इस अवसर पर नगर निगम सभापति विनोद सोनी, अजीत भोगल, के.के. शर्मा, दुर्गेश पांडेय, हरि गुरुंग, अशोक मिथुन, राहुल सिंह, अनिल सिंह चौहान, अमित सिंह, मोनू रजक, नितिन छाबड़ा, संतोष सिंह ठाकुर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
भाजपा कार्यालय में जश्न का माहौल देर तक बना रहा और कार्यकर्ताओं ने नितिन नवीन के नेतृत्व में पार्टी के और अधिक सशक्त होने का विश्वास जताया।

