राशन माफिया पर मुंगेली पुलिस का करारा प्रहार शासकीय राशन दुकान से चोरी का हुआ खुलासा…
4 शातिर चोर जेल दाखिल एक नाबालिक आरोपी को भेजा गया बाल संरक्षण गृह…
मुंगेली/बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
मुंगेली पुलिस ने शासकीय उचित मूल्य दुकान में हुई चोरी के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए चोरी का पूरा पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में थाना सिटी कोतवाली मुंगेली पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा, वहीं एक विधि से संघर्षरत बालक को बाल संरक्षण गृह भेजा गया है।
22 क्विंटल चावल और ऑटो जप्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से
22 क्विंटल चावल (कीमत 52,800 रुपये) एक ऑटो (कीमत 1,00,000 रुपये) इस प्रकार कुल 1,52,800 रुपये की मशरूका जप्त की है।
ताला तोड़कर दिया चोरी को अंजाम
मामला थाना सिटी कोतवाली मुंगेली क्षेत्रांतर्गत ग्राम चमारी (टिंगीपुर) स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान का है। प्रार्थी परमेश्वर साहू द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार अज्ञात चोरों ने गोदाम का ताला तोड़कर चावल एवं शक्कर की बोरियां चोरी कर ली थीं।
तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर सूचना से आरोपी दबोचे गए। विवेचना के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री नवनीत कौर छाबड़ा एवं श्री मयंक तिवारी के मार्गदर्शन में तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने आकाश सिंह क्षत्रीय, योगेश साहू, जगदीश प्रसाद साहू, श्रवण यादव एवं एक अपचारी बालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में सभी ने चोरी करना स्वीकार किया।

बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज
आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 31/26, धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस सफल कार्रवाई में निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े (थाना प्रभारी), प्र.आर. मनोज ठाकुर, दिलीप साहू, रविकुमार जांगड़े, चंद्रप्रकाश ध्रुव, आरक्षक अजय चंद्राकर, अरुण साहू, रवि श्रीवास एवं संजय यादव की भूमिका सराहनीय रही।
एसपी का सख्त संदेश
पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने स्पष्ट किया है कि जिले में चोरी एवं संपत्ति संबंधी अपराधों पर मुंगेली पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति जारी रहेगी और ऐसे अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

