कई मामलों में अब थाना प्रभारी स्वयं फरियादियों की सुन रहें समस्याएं…!
त्वरित हो रहा निराकरण…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर रेंज में पुलिस और आम जनता के बीच प्रत्यक्ष संवाद को मजबूत करने के उद्देश्य से ‘अनुभव’ नामक पहल के तहत क्यूआर कोड स्कैन कर फीडबैक लेने की व्यवस्था शुरू की गई है। इस नवाचार का शुभारंभ पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग द्वारा किया गया।
पहल की शुरुआत के साथ ही जिले के थानों और अन्य पुलिस कार्यालयों में क्यूआर कोड लगाए गए, जिन्हें स्कैन कर नागरिक अपने मोबाइल से सीधे अपनी राय और अनुभव दर्ज कर रहे हैं। प्राप्त फीडबैक का अवलोकन पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह द्वारा किया गया, जिसमें जिला बिलासपुर पुलिस के कार्यों को लेकर जनअपेक्षाओं के अनुरूप सकारात्मक प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं।
थाना सिटी कोतवाली, सिविल लाइन, कोटा और सरकण्डा थानों को विशेष रूप से अच्छा फीडबैक मिला है। नागरिकों ने बताया कि कई मामलों में थाना प्रभारी स्वयं फरियादियों की समस्याएं सुन रहे हैं और त्वरित समाधान कर रहे हैं। साथ ही थानों में अधिकारियों व कर्मचारियों का व्यवहार, स्वच्छता और आसपास का वातावरण भी सराहनीय बताया गया है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि थानों से मिलने वाले अनुभवों पर आधारित फीडबैक के अनुसार व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार किया जाएगा। वहीं ‘अनुभव’ से प्राप्त रिपोर्ट में 1-2 थानों में सुधार की आवश्यकता भी सामने आई है, जिस पर संबंधित थाना प्रभारियों व कर्मचारियों को विशेष समझाइश देकर सुधार के लिए प्रेरित किया गया है। इसके साथ ही उप पुलिस अधीक्षक, नगर पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारियों को भी आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस अधिकारियों का मानना है कि यह पहल पुलिस सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने और जनता का भरोसा मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। अनुभव क्यूआर कोड के माध्यम से नागरिकों की सीधी भागीदारी से पारदर्शिता और जवाबदेही को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।

