जनदर्शन में मिली शिकायत पर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने की त्वरित कार्रवाई…गड़बड़ी पर रोजगार सहायक को किया शो-कॉज नोटिस जारी…
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मजदूरी भुगतान में गड़बड़ी की शिकायत पर कलेक्टर ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम रोजगार सहायक को शो-कॉज नोटिस जारी कराया है। मामला बिल्हा विकासखंड की ग्राम पंचायत गढ़वट का है, जहां हितग्राही की मजदूरी राशि के भुगतान में अनियमितता सामने आई है।
कलेक्टर जनदर्शन में प्राप्त शिकायत के बाद जनपद पंचायत बिल्हा द्वारा जांच दल गठित कर विस्तृत जांच कराई गई। जांच प्रतिवेदन में पाया गया कि बिना हितग्राही की लिखित सहमति के 35,415 रुपये की राशि अन्य व्यक्तियों को नियम विरुद्ध तरीके से भुगतान कर दी गई।
शिकायतकर्ता चन्द्रप्रकाश बैसवाड़े एवं अन्य ग्रामीणों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिला पंचायत कार्यालय ने त्वरित जांच पूरी कर रिपोर्ट प्रस्तुत की। रिपोर्ट के आधार पर ग्राम रोजगार सहायक राकेश सिदार को निर्धारित समयावधि में स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश देते हुए नोटिस जारी किया गया है।

कलेक्टर ने दो टूक शब्दों में स्पष्ट किया है कि प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी महत्वाकांक्षी और जनहितकारी योजना में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्राप्त जवाब और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से स्पष्ट संदेश गया है कि शासन की योजनाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही सर्वोच्च प्राथमिकता है।

