दोनों आरोपी गिरफ्तार…
एसएसपी भोजराम पटैल के नेतृत्व में सिटी कोतवाली पुलिस की कार्रवाई…
मुंगेली-{जनहित न्यूज़}
मुंगेली सिटी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बलानी चौक स्थित मोनिका ज्वेलर्स में हुई दिनदहाड़े चोरी की घटना का मुंगेली पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर लिया है। पैसे के लालच में दो सगे भाइयों ने सुनियोजित तरीके से सोने का पेंडल पार किया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
मामले में थाना सिटी कोतवाली मुंगेली में अपराध क्रमांक 57/2026 धारा 305(2), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था। प्रार्थी सतीश कुमार सोनी (58 वर्ष), निवासी बलानी चौक मुंगेली ने 11 फरवरी 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 10 फरवरी को दोपहर करीब 2 बजे एक अज्ञात युवक सोने का पेंडल (मंगलसूत्र) खरीदने के बहाने दुकान में आया और मौका पाकर पेंडल चोरी कर फरार हो गया।
घटना को गंभीरता से लेते हुए भोजराम पटेल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुंगेली, ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को संपत्ति संबंधी अपराधों में शत-प्रतिशत बरामदगी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं
मयंक तिवारी के मार्गदर्शन में साइबर सेल और थाना सिटी कोतवाली की संयुक्त टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। फुटेज में दो संदिग्ध युवक ब्लैक-रेड रंग की बिना नंबर प्लेट मोटरसाइकिल पर दुकान के सामने दिखाई दिए। एक युवक बाहर बाइक पर बैठा रहा, जबकि दूसरा अंदर जाकर पेंडल दिखाने के बहाने चोरी कर बाहर निकल आया और दोनों फरार हो गए।
नगर के हाईटेक कैमरों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान ग्राम घोरबंधा, थाना लोरमी निवासी श्लोक कुमार पात्रे (22 वर्ष) और विवेक कुमार पात्रे (19 वर्ष) के रूप में हुई। पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया। उन्होंने वारदात के समय मोटरसाइकिल क्रमांक CG 28 S 8197 की नंबर प्लेट हटाकर घटना को अंजाम दिया था।

पुलिस ने 15 फरवरी 2026 को दोनों आरोपियों को चोरी का माल बेचने की फिराक में गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 09.05 ग्राम वजनी सोने का पेंडल (कीमत लगभग ₹85,000) तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (कीमत लगभग ₹1,00,000) जब्त की गई। कुल जुमला मशरूका ₹1,85,000 बरामद किया गया। 16 फरवरी को दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
कार्रवाई में निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े (थाना प्रभारी सिटी कोतवाली), निरीक्षक प्रसाद सिन्हा (प्रभारी साइबर सेल) सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों एवं जवानों की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस की अपील…
मुंगेली पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखा जा सके।

