चार दमकल गाड़ियों ने संभाला मोर्चा 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया गया काबू…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर के तिफरा इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक पुट्टी, पेंट और टाइल्स के गोदाम में सोमवार दोपहर भीषण आग लग गई। अर्णव इंडस्ट्रीज नाम से संचालित इस गोदाम में बड़ी मात्रा में पुट्टी, पेंट और तारपीन तेल का भंडारण किया गया था। दोपहर करीब 1 बजे लगी आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड को लगभग तीन घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
ज्वलनशील केमिकल से आग ने लिया विकराल रूप
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रोज की तरह कर्मचारी काम में लगे हुए थे, तभी अचानक गोदाम के एक हिस्से से आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग पुट्टी, पेंट और तारपीन तेल जैसे ज्वलनशील पदार्थों तक पहुंच गई। केमिकल के संपर्क में आते ही तेज धमाकों जैसी आवाजें सुनाई दीं और आग की लपटें आसमान तक पहुंचने लगीं। पूरे इलाके में घना धुआं फैल गया, जिससे आसपास के उद्योगों और दुकानों में अफरा-तफरी मच गई।
चार दमकल गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। तीन राउंड पानी डालने के बाद करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया जा सका। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

अनुमति केवल पुट्टी भंडारण की
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, फैक्ट्री संचालक ने केवल पुट्टी डंप करने की अनुमति ली थी, जबकि पेंट और तारपीन तेल का भंडारण कथित तौर पर अवैध तरीके से किया जा रहा था। औद्योगिक क्षेत्र में ज्वलनशील केमिकल के भंडारण को लेकर अब सवाल खड़े हो रहे हैं।

फायर सेफ्टी सिस्टम पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि गोदाम में आग से निपटने के लिए पर्याप्त फायर सेफ्टी सिस्टम मौजूद नहीं था। कर्मचारियों की सुरक्षा के भी समुचित इंतजाम नहीं किए गए थे। इस घटना के बाद प्रशासन द्वारा जांच और कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।
फिलहाल प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

