रायगढ़-{जनहित न्यूज़}
रायगढ़ पुलिस ने अंतरराज्यीय क्रिकेट सट्टा गिरोह पर बड़ी और सुनियोजित कार्रवाई करते हुए कोलकाता के एक होटल से संचालित हो रहे करोड़ों रुपए के ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने कोलकाता के हावड़ा स्थित एक होटल में दबिश देकर 5 नामी सटोरियों समेत कुल 7 लोगों को पकड़ा है।
होटल से संचालित हो रहा था पूरा नेटवर्क
विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिलने पर एसएसपी ने साइबर थाना, चक्रधरनगर और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम को कोलकाता रवाना किया। पुलिस टीम ने होटल के कमरे से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करते हुए स्थायी वारंटी
धर्मेंद्र शर्मा शेख मोहम्मद शाहबाज
मोहम्मद मजहर मोहम्मद फारूख
रोहित बुटानी को गिरफ्तार किया। इनके साथ दो अन्य संदेही अंकित सराफ और अजीत विश्वास को भी पकड़ा गया है, जिनकी भूमिका की जांच जारी है।
करोड़ों के लेन-देन का खुलासा
आरोपियों के कब्जे से…
25 मोबाइल फोन
3 लैपटॉप
1 टैबलेट
1 कैलकुलेटर
₹3,600 नगद
हिसाब-किताब का विस्तृत रिकॉर्ड
जप्त किया गया है। जब्त सामग्री का विश्लेषण करने पर खुलासा हुआ कि पिछले एक माह में ही करोड़ों रुपये दांव पर लगाए गए थे। आरोपी मोबाइल के जरिए संपर्क कर ऑनलाइन “जेएमडी क्रिकेट बेटिंग एप” पर सट्टा खिलाते थे और पूरा नेटवर्क डिजिटल माध्यम से संचालित होता था।
पहले भी दर्ज हैं मामले, जारी थे स्थायी वारंट गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पूर्व में थाना कोतवाली और थाना चक्रधरनगर में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7 के तहत मामले दर्ज हैं। वर्ष 2025 में हुई कार्रवाई के बाद कई आरोपी फरार चल रहे थे, जिनके खिलाफ न्यायालय से स्थायी वारंट जारी हुआ था।
इस ताजा कार्रवाई में थाना कोतवाली के 4 और थाना चक्रधरनगर के 5 कुल 9 स्थायी वारंटों की तामिली की गई है।
एसएसपी के नेतृत्व में बड़ी सफलता
एसएसपी शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में एडिशनल एसपी अनिल सोनी और सीएसपी मयंक मिश्रा की निगरानी में यह ऑपरेशन सफल रहा। कार्रवाई में कोतवाली, साइबर थाना और चक्रधरनगर पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है और पूरे नेटवर्क की आर्थिक जांच भी की जा रही है। रायगढ़ पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से सट्टा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

