लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के दिए निर्देश…!
बोले… सशक्त एपस अनुभव क्यूआर कोड द्वारा अब जनता से होगा सीधा संवाद…!
मुंगेली-{जनहित न्यूज़}
मुंगेली पुलिस महानिरीक्षक, बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग (भा.पु.से.) ने 25 एवं 26 फरवरी को जिला मुंगेली का दो दिवसीय वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) ने उनका स्वागत किया। निरीक्षण का उद्देश्य प्रशासनिक व्यवस्था की समीक्षा, अपराध नियंत्रण की स्थिति का मूल्यांकन तथा पुलिस कार्यप्रणाली में गुणवत्ता संवर्धन रहा।

प्रथम दिवस: थानों और कार्यालय का गहन निरीक्षण पहले दिन आईजी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय मुंगेली के अभिलेखों और रिकॉर्ड का सूक्ष्म परीक्षण कर उन्हें अद्यतन एवं सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। इसके पश्चात थाना लोरमी, चिल्फी एवं फास्टरपुर का निरीक्षण किया गया।

उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों को बीट प्रणाली के माध्यम से पारदर्शिता, जवाबदेही, तकनीकी दक्षता और जनसंपर्क को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। लंबित अपराध, मर्ग, शिकायत और मुलाहिजा प्रकरणों के त्वरित निराकरण, ई-साक्ष्य संकलन, समयावधि में चालान पेश करने, सीसीटीएनएस के प्रभावी उपयोग तथा चरित्र सत्यापन एवं गुमशुदा व्यक्तियों की शीघ्र बरामदगी पर विशेष बल दिया गया।

रात्रि मुकाम के दौरान शहर की गश्त प्रणाली की समीक्षा कर प्रभावी पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
वार्षिक निरीक्षण में प्रमुख फोकस
अभिलेखों का सुव्यवस्थित संधारण
गंभीर अपराधों का त्वरित निराकरण
लंबित शिकायतों पर शीघ्र कार्रवाई
सीसीटीएनएस का नियमित उपयोग
साइबर अपराध रोकथाम हेतु

जन-जागरूकता अभियान
नागरिकों के प्रति संवेदनशील और जवाबदेह व्यवहार द्वितीय दिवस: रक्षित केंद्र में परेड और शस्त्रागार भवन का लोकार्पण दूसरे दिन रक्षित केंद्र मुंगेली में परेड निरीक्षण किया गया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों के वर्दी टर्नआउट, अनुशासन और शारीरिक सुदृढ़ता का अवलोकन कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को नगद पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर पुलिस लाइन मुंगेली में नवनिर्मित तीन शस्त्रागार भवनों का लोकार्पण भी किया गया। मीटिंग हॉल में दरबार लगाकर पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनी गईं और आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

यातायात व्यवस्था सुधारने तथा लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई। सशक्त एप के माध्यम से वाहन चेकिंग को और प्रभावी बनाने तथा चोरी की बाइक बरामद करने वाले पुलिस अधिकारी को पुरस्कृत करने की घोषणा भी की गई।

अनुभव क्यूआर कोड से जनता से सीधा संवाद
आईजी ने अनुभव क्यूआर कोड प्रणाली की विशेषता बताते हुए कहा कि इससे आम नागरिक सीधे पुलिस थाने की कार्यप्रणाली पर फीडबैक दे सकेंगे। यह प्रणाली पुलिस और जनता के बीच विश्वास और पारदर्शिता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक आरक्षक को 3-4 गांवों की जिम्मेदारी देकर बीट प्रणाली को सुदृढ़ किया जाए। साथ ही प्रत्येक बीट का व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर जनप्रतिनिधियों, पुलिस मित्रों और शासकीय कर्मचारियों को जोड़ते हुए
साइबर प्रहरी कार्यक्रम के तहत साइबर जागरूकता अभियान चलाया जाए, ताकि अपराधों को घटित होने से पूर्व ही रोका जा सके।

दो दिवसीय निरीक्षण के दौरान जिले के सभी थाना प्रभारी, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। यह निरीक्षण मुंगेली पुलिस की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनोन्मुखी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

