एक साथ बैठकर पी शराब फिर जघन्य वारदात को दिया अंजाम सकरी पुलिस की कार्रवाई दो गिरफ़्तार…
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर जिले के सकरी थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां मामूली विवाद ने दोस्ती को मौत में बदल दिया। जिस दोस्त के साथ बैठकर शराब पी जा रही थी, वही दोस्त अपने भाई के साथ मिलकर हत्या का कारण बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार, 14 मार्च 2026 को संबलपुरी निवासी कृष्णा कौशिक ने सकरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके बड़े भाई सतीश कौशिक की अज्ञात लोगों द्वारा मारपीट कर हत्या कर दी गई है। पुलिस ने तत्काल मर्ग कायम कर धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। जांच के दौरान संदेह की सुई मृतक के ही दोस्त राकेश कौशिक और उसके भाई गणेश कौशिक की ओर घूमी, जो घटना के बाद से फरार थे। बीट आरक्षकों की सतर्कता और मुखबिर सूचना के आधार पर 16 मार्च को दोनों आरोपियों को ग्राम मेण्ड्रा से घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया, जब वे भागने की फिराक में थे। पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा किया। घटना वाले दिन तीनों सकरी शराब भट्टी गए थे, जहां साथ बैठकर शराब पी। इसके बाद वे खेत के पास पीपल के पेड़ के नीचे बैठकर फिर से शराब पीने लगे। इसी दौरान नशे की हालत में सतीश कौशिक ने गाली-गलौज शुरू कर दी। बात बढ़ी तो राकेश और गणेश ने मिलकर उसके साथ मारपीट कर दी, जिससे उसके सिर और मुंह पर गंभीर चोट आई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार होकर छिपते रहे, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी के आगे ज्यादा देर तक बच नहीं सके।

इस पूरी कार्रवाई में सकरी थाना प्रभारी निरीक्षक विजय चौधरी सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिनकी तत्परता से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी संभव हो सकी।
यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि गुस्सा और नशा मिलकर इंसान से उसकी समझ छीन लेते हैं, और कभी-कभी मामूली विवाद भी अपूरणीय नुकसान में बदल जाता है।

