जीवंत झांकियों ने सभी को किया आकर्षित…!
सिंन्धी समाज की ईष्टदेव के प्रति आस्था व एकजुटता का दिखा अदभुत संगम….!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
न्यायधानी बिलासपुर में चेट्रीचंड महोत्सव के अवसर पर सिंधी समाज द्वारा निकाली गई भव्य शोभायात्रा ने पूरे शहर को भक्तिमय रंग में रंग दिया। “जय झूलेलाल” के गगनभेदी जयकारों के बीच निकली इस शोभायात्रा में जनसैलाब उमड़ पड़ा और समाज की एकजुटता का अद्भुत प्रदर्शन देखने को मिला।

शोभायात्रा का शुभारंभ हेमू नगर बंधवापारा से हुआ, जो जगमल चौक, गांधी चौक, गोल बाजार, सदर बाजार और नेहरू चौक होते हुए सिंधी कॉलोनी, भक्त कंवरराम नगर पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया और भगवान झूलेलाल व बहराणा साहब के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

यात्रा में 15 फीट ऊँची भगवान झूलेलाल की भव्य प्रतिमा, अखंड ज्योत और बहराणा साहब की सजीव झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। पारंपरिक वेशभूषा में सजे पुरुष, महिलाएं और बच्चे डीजे व धुमाल की धुन पर झूमते नजर आए, जिससे पूरा वातावरण उत्साह और उल्लास से सराबोर हो गया।

शानदार झांकियों ने लोगों का मन मोह लिया। इनमें पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता का संदेश प्रमुखता से दिया गया। घोड़ा, हाथी, मोर और हिरण की आकर्षक झांकियों के साथ भगवान भोलेनाथ की अघोर साधना, राधा-कृष्ण की रासलीला और हनुमान जी की वानर सेना के जीवंत दृश्य प्रस्तुत किए गए, जिन्हें देखकर लोग मुक्तकंठ से सराहना करते नजर आए।

समाज ने इस अवसर पर “आने वाली पीढ़ी के लिए पेड़ लगाएं, पानी बचाएं” का संदेश भी दिया। युवाओं द्वारा निकाली गई स्कूटर रैली ने जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं, विनोबा नगर स्थित पूज्य बिरादरी सिंधी पंचायत में समाज भवन निर्माण हेतु भूमि पूजन भी संपन्न हुआ।
भक्त कंवरराम कपड़ा मार्केट के व्यापारियों ने सिंधु युवा विंग के अध्यक्ष रोबिन वाधवानी के नेतृत्व में शोभायात्रा का भव्य स्वागत करते हुए पुष्पवर्षा की। इस दौरान प्रसाद एवं कोल्ड ड्रिंक का वितरण भी किया गया।

रात्रि में सूहीका सिंधी ग्रुप द्वारा आयोजित भजन संध्या में भक्तिमय गीतों की प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। देर रात तक श्रद्धालु सिंधी गीतों पर झूमते और नृत्य करते रहे।
सिंधी समाज, पूज्य सिंधी सेंट्रल पंचायत, सिंधी नव युवक समिति, 17 सिंधी वार्ड पंचायत, सिंधी सेंट्रल युवा विंग एवं महिला विंग की सक्रिय भागीदारी से यह आयोजन भव्य, आकर्षक और अविस्मरणीय बन गया।


