विधानसभा में मोपका-मंगला में नए थानों की मांग का उठाया मुद्दा…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर जिले के तेजी से विकसित हो रहे मोपका और मंगला क्षेत्र में नए पुलिस थानों की मांग अब विधानसभा तक पहुंच गई है। क्षेत्रीय विधायक सुशांत शुक्ला द्वारा उठाए गए इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर सरकार ने भी स्थिति स्पष्ट करते हुए विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की, जिससे आमजन में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नई उम्मीदें जागी हैं।
विधानसभा में पूछे गए प्रश्न के जवाब में उप मुख्यमंत्री (गृह) विजय शर्मा ने बताया कि मोपका एवं मंगला में नए पुलिस थाना खोलने की घोषणा 6 मार्च 2023 को की जा चुकी है। हालांकि वर्तमान स्थिति यह है कि दोनों स्थानों पर अभी तक थाना संचालन शुरू नहीं हो पाया है और भूमि आवंटन की प्रक्रिया भी लंबित है।
सरकार ने यह भी जानकारी दी कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में दोनों प्रस्तावित थानों के भवन निर्माण के लिए 132 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। साथ ही इन थानों के सुचारू संचालन हेतु कुल 66 पद स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें निरीक्षक से लेकर आरक्षक तक के पद शामिल हैं।
थाना प्रारंभ न होने के पीछे मुख्य कारण क्षेत्राधिकार (जूरिस्डिक्शन) की अधिसूचना जारी न होना बताया गया है। इस प्रशासनिक प्रक्रिया के पूर्ण होते ही आगे की कार्रवाई संभव हो सकेगी, लेकिन फिलहाल इसके लिए कोई निश्चित समय-सीमा तय नहीं की गई है।
इस विषय पर विधायक सुशांत शुक्ला ने विधानसभा में जोरदार तरीके से अपनी बात रखते हुए कहा कि मोपका और मंगला जैसे तेजी से बढ़ते क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नए थानों का जल्द शुरू होना बेहद जरूरी है। उन्होंने सरकार से प्रक्रिया में तेजी लाने और शीघ्र थाना संचालन शुरू करने की मांग की।
जनहित से जुड़ी पहल:
तेजी से शहरीकरण की ओर बढ़ रहे इन क्षेत्रों में बढ़ती आबादी के बीच सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में यह पहल मील का पत्थर साबित हो सकती है। आमजन की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए विधायक का यह प्रयास सराहनीय माना जा रहा है।

