दो आरोपी गिरफ़्तार…
कोटा पुलिस की कार्रवाई…
बिलासपुर/कोटा-[जनहित न्यूज़]
कोटा थाना क्षेत्र में रविवार को एक गंभीर मारपीट की घटना सामने आई, जिसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और अन्य संलिप्त लोगों की तलाश जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आज सूचना प्राप्त हुई कि मोहन पांडे (पिता स्व. जगदीश प्रसाद पांडे), उम्र लगभग 52 वर्ष, निवासी करगी खुर्द कोरी पारा, हाल मुकाम गनियारी भादम, थाना कोटा, जिला बिलासपुर (छ.ग.) के साथ राजा राम साहू (पिता चेतराम साहू), उम्र लगभग 21 वर्ष, निवासी ग्राम करगी खुर्द ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर लाठी-डंडों और हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इस हमले में मोहन पांडे की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही कोटा पुलिस तुरंत सक्रिय हुई और मुख्य आरोपी राजाराम साहू को तत्काल हिरासत में ले लिया गया। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर रवाना कर दी गई है।
इस घटना में शरद कौशिक, निवासी ग्राम गनियारी भी घायल हुए हैं। उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटा रही है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

स्थानीय क्षेत्र में इस घटना के बाद लोगों में आक्रोश और चिंता का माहौल देखा जा रहा है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

