16 साल बाद रोशनी से जगमगाया राजा रघुराज सिंह स्टेडियम…!
क्रिकेट प्रेमियों का उमड़ा जनसमूह…
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
स्वर्गीय लखीराम अग्रवाल की स्मृति में आयोजित रात्रिकालीन अखिल भारतीय ड्यूस बॉल टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता का रंगारंग शुभारंभ राजा रघुराज सिंह स्टेडियम में हुआ। 16 वर्षों बाद स्टेडियम एक बार फिर दूधिया रोशनी में नहाया नजर आया, जहां आतिशबाजी और उत्साह के बीच क्रिकेट प्रेमियों की भारी भीड़ उमड़ी।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक धरमलाल कौशिक, अध्यक्षता विधायक अमर अग्रवाल ने की। विशेष अतिथि के रूप में महापौर पूजा विधानी एवं भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।

“राष्ट्रीय स्तर का आयोजन, शहर के लिए गौरव” कौशिक विधायक धरमलाल कौशिक ने स्व. लखीराम अग्रवाल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके योगदान से ही भाजपा को मजबूती मिली। उनकी स्मृति में इस तरह का राष्ट्रीय स्तर का आयोजन बिलासपुर के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता से शहर के क्रिकेट प्रेमियों को उच्च स्तरीय खेल देखने का अवसर मिलेगा।

विधायक अमर अग्रवाल ने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से स्थानीय खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलती है और शहर की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत होती है।
8 राज्यों की टीमें, IPL और रणजी खिलाड़ी भी शामिल आयोजन समिति के प्रमुख प्रवीण दुबे ने बताया कि 21 से 29 मार्च तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में 8 राज्यों की टीमें भाग ले रही हैं।

इसमें आईपीएल और रणजी ट्रॉफी के 45 खिलाड़ी भी हिस्सा ले रहे हैं। सेमीफाइनल 27-28 मार्च और फाइनल 29 मार्च को खेला जाएगा।

उन्होंने आगे बताया कि भविष्य में आईपीएल और टी-20 की तर्ज पर और बड़े आयोजन की योजना भी बनाई जा रही है।
उद्घाटन मैचों के परिणाम
पहला मैच: वीटीसीए नागपुर ने गाजियाबाद को रोमांचक मुकाबले में हराया।
गाजियाबाद – 185/6 (20 ओवर)
नागपुर – 190/5 (17 ओवर)
मैन ऑफ द मैच: मोहम्मद इरफान (65 रन)
दूसरा मैच:
खड़कपुर ने जौनपुर को एकतरफा मुकाबले में 141 रन से हराया।
खड़कपुर – 207/5
जौनपुर – 67 ऑल आउट (10.3 ओवर)
मैन ऑफ द मैच: आशीष डेहरिया
खास आकर्षण
रात में दूधिया रोशनी में मैच
चौके-छक्कों के बीच चीयर लीडर्स का प्रदर्शन देशभर के नामी खिलाड़ियों की भागीदारी। इस आयोजन में सुशांत राय, राजेंद्र भंडारी, संतोष साहू, ओपी यादव, सतीश गोयल, हितेश केसरी सहित कई सदस्यों का विशेष योगदान रहा। साथ ही विभिन्न टीमों के ओनर्स भी उद्घाटन अवसर पर मौजूद रहे। देखा जाए तो यह प्रतियोगिता न सिर्फ खेल का महाकुंभ बन गई है, बल्कि बिलासपुर को राष्ट्रीय क्रिकेट नक्शे पर एक नई पहचान भी दे रही है।

