आम जनता के लिए नासूर बन चुका आरोपी… सिटी कोतवाली पुलिस की त्वरित कार्रवाई से सपड़ाया…
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
शहर में सरेआम धारदार हथियार लहराकर लोगों को डराने-धमकाने वाले एक आदतन अपराधी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से एक धारदार चाकू भी बरामद किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, 24 मार्च को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि शनचिरी रपटा पुल स्थित दुर्गा मैदान के पास एक युवक आम रास्ते पर चाकू लहराकर आने-जाने वाले लोगों को डरा रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार को अवगत कराया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी और आरोपी राजेश पासी उर्फ गोलू (27 वर्ष) निवासी टिकरापारा खटिक मोहल्ला को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक धारदार चाकू बरामद किया गया।
जांच में आरोपी का कृत्य आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत अपराध पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले से ही आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहा है और क्षेत्र में उसकी छवि एक आदतन अपराधी के रूप में रही है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है।

