बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में शराब के लिए पैसे नहीं मिलने पर युवक पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को तारबाहर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने नुकीले ब्लेड से युवक के गले, पेट और हाथों पर हमला कर इलाके में दहशत फैला दी थी।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना 26 मार्च 2026 की रात करीब 10:30 बजे की है। प्रार्थी अपनी दुकान बंद कर घर जा रहा था, तभी उसका छोटा भाई पास के होटल के सामने रुक गया। इसी दौरान देवरीखुर्द निवासी भुवनेश्वर पटेल उर्फ भन्ना ने उससे शराब पीने के लिए पैसे की मांग की।

पैसे देने से मना करने पर आरोपी भड़क गया और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। इसके बाद उसने अपने पास रखे नुकीले ब्लेडनुमा हथियार से युवक पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही तारबाहर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने अपराध क्रमांक 84/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर विशेष टीम गठित की।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम ने दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त थर्माकोल काटने वाला ब्लेड भी बरामद किया गया है।

पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इस कार्रवाई में थाना तारबाहर पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।
इलाके में दहशत फैलाने वाली इस घटना के बाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई से लोगों ने राहत की सांस ली है।

