बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] तखतपुर क्षेत्र में गंभीर लापरवाही के चलते बर्ड फ्लू का खतरा बढ़ता नजर आ रहा है। ग्राम नगोई बाईपास के पास अज्ञात लोगों द्वारा बोरी में भरकर बड़ी संख्या में मृत मुर्गियों को खुले में फेंक दिया गया, जिससे आसपास के क्षेत्र में संक्रमण फैलने की आशंका गहरा गई है।
जानकारी के अनुसार, तखतपुर से नगोई जाने वाले नए बाईपास मार्ग पर मुख्य सड़क से लगभग आधा किलोमीटर पहले यह मामला सामने आया। सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने बोरी में भरी मृत मुर्गियों को देखा, जिन्हें आसपास घूम रहे कुत्ते नोच-नोच कर खा रहे थे। यह दृश्य न केवल स्वच्छता व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है, बल्कि संभावित संक्रमण को भी आमंत्रण देता है।

कुछ दिन पहले बिलासपुर में बर्ड फ्लू के मामले सामने आए थे, और अब इसका असर तखतपुर क्षेत्र में दिखाई देने लगा है। ऐसे में इस तरह की लापरवाही स्थानीय लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकती है।

विशेषज्ञों के अनुसार, संक्रमित पक्षियों को इस तरह खुले में फेंकना संक्रमण के तेजी से फैलाव का कारण बन सकता है। इससे न केवल आसपास के पशु-पक्षियों बल्कि इंसानों पर भी खतरा बढ़ जाता है।

तखतपुर और आसपास के क्षेत्रों में स्थित लगभग चार से पांच पोल्ट्री फार्म भी अब खतरे की जद में आ सकते हैं। इसके साथ ही पोल्ट्री व्यापार और उपभोक्ताओं पर भी इसका सीधा असर पड़ने की संभावना है। नवरात्रि के बाद जहां चिकन की मांग बढ़ती है, वहीं इस तरह की घटनाओं से लोगों में डर का माहौल बन सकता है।
प्रशासन से मांग:
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की तत्काल जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए, साथ ही मृत मुर्गियों का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण कर क्षेत्र को संक्रमण मुक्त किया जाए।
संदेश:
इस तरह की लापरवाही न सिर्फ कानूनन अपराध है, बल्कि पूरे समाज को खतरे में डालने जैसा है। समय रहते सतर्कता और जिम्मेदारी ही इस संभावित संकट को टाल सकती है।
तखतपुर से टेकचंद कारड़ा की रिपोर्ट…

