बिलासपुर पुलिस का निरंतर सोशल मीडिया और समाचार माध्यमों के जरिए किए गए अथक प्रयासों को मिली सफलता…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
चार दिनों से लापता खैरागढ़ की एक नाबालिग छात्रा का शव आखिरकार रेलवे ट्रैक के किनारे मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। इस दर्दनाक घटना ने परिवार सहित पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
थाना मस्तूरी से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 29 मार्च 2026 को एक रेलवे गार्ड ने सूचना दी कि ग्राम किसान परसदा के पास रेलवे ट्रैक के किनारे एक अज्ञात युवती का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मर्ग क्रमांक 23/26 कायम कर जांच शुरू की।
मृतिका की पहचान के लिए पुलिस लगातार सोशल मीडिया और समाचार माध्यमों के जरिए प्रयास करती रही। इसी दौरान 30 मार्च की देर रात थाना खैरागढ़ से संपर्क स्थापित हुआ, जहां पहले से ही अपराध क्रमांक 133/26 धारा 137(2) BNS के तहत एक नाबालिग छात्रा के अपहरण का मामला दर्ज था। दोनों मामलों के हुलिये में समानता मिलने पर शक गहराया।

31 मार्च को ग्राम चिचोला, ठेलकाडीह से पहुंचे परिजनों ने मस्तूरी थाना पहुंचकर शव की पहचान अपनी लापता बेटी के रूप में की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसे अंतिम संस्कार के लिए उनके गृह ग्राम ठेलकाडीह ले जाया गया।
इस हृदयविदारक घटना के बाद जहां परिवार गहरे सदमे में है, वहीं पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है। घटना के हर पहलू को खंगाला जा रहा है, ताकि सच्चाई सामने आ सके।

