प्रेमी ही निकला कातिल…! नाबालिका को चलती ट्रेन से धक्का देकर उतारा मौत के घाट…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
प्यार, भरोसा और साथ निभाने के वादों के बीच एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने अपनी ही नाबालिग प्रेमिका को चलती ट्रेन से धक्का देकर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार मुख्य आरोपी मोहन वर्मा, खैरागढ़ के ग्राम चिचोला का निवासी है। उसका करीब एक साल से 14 वर्षीय नाबालिग युवती के साथ प्रेम संबंध था। इस दौरान युवती गर्भवती भी हो गई थी। वह लगातार आरोपी पर साथ रखने का दबाव बना रही थी और मना करने पर आत्महत्या की धमकी देती थी। इसी बात से परेशान होकर आरोपी ने युवती को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।
आरोपी ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर योजना बनाई और युवती को डोंगरगढ़ बुलाया। 28 मार्च को जब युवती अपने मामा के घर शादी समारोह में आई हुई थी, तब आरोपी रात करीब 11 बजे उसे वहां से भगा ले गया। दोनों पहले डोंगरगढ़ स्टेशन पहुंचे और बिलासपुर का टिकट लेकर रात 12 बजे वेनगंगा एक्सप्रेस से रवाना हो गए।
ट्रेन में सीट नहीं मिलने के कारण सभी दरवाजे के पास बैठे थे। जब ट्रेन बिलासपुर पहुंची, तो युवती ने उतरने की बात कही, लेकिन आरोपी उसे बहलाकर आगे ले गया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। गुस्से में आकर आरोपी ने चलती ट्रेन से युवती को धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

अगले दिन मस्तूरी थाना क्षेत्र के ग्राम किसान-परसदा के पास रेलवे ट्रैक पर युवती का शव मिला। पहचान नहीं होने पर पुलिस ने पंचनामा कर शव को मॉर्च्यूरी में रखवाया और फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए।
इधर, युवती के अचानक गायब होने पर परिजनों ने तलाश शुरू की और 29 मार्च को ठेलकाडीह थाने में अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई। बाद में पुलिस ने दोनों मामलों को जोड़ते हुए जांच तेज की और परिजनों से संपर्क कर युवती की पहचान की पुष्टि की।
पूरे मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना ने एक बार फिर रिश्तों में बढ़ती संवेदनहीनता और अपराध की भयावह सच्चाई को उजागर कर दिया है।

