अवैध रेत खनन के दौरान 17 वर्षीय नाबालिग अमित कश्यप की दर्दनाक मौत
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर रेत खनन के काले खेल ने एक और मासूम की जान ले ली। रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गढ़वट में खारंग नदी किनारे अवैध रेत खनन के दौरान 17 वर्षीय नाबालिग अमित कश्यप की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना ने एक बार फिर रेत माफियाओं की लापरवाही और लालच को उजागर कर दिया है।
थाना रतनपुर से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 09 अप्रैल 2026 की रात करीब 3 बजे सूचना मिली कि रेत परिवहन कर रहे ट्रैक्टर में सवार एक युवक की मौत हो गई है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रशिक्षु आईपीएस अंशिका जैन, थाना प्रभारी रतनपुर ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया।
मर्ग जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ। जांच में पाया गया कि आरोपी तोषण कश्यप द्वारा खारंग नदी से अधिक रेत निकालने के लालच में 6-7 फीट गहरे गड्ढे में नाबालिग अमित कश्यप और अमित यादव को उतारा गया था। आरोपी को यह पूरी जानकारी थी कि गड्ढा कभी भी धंस सकता है, बावजूद इसके उसने अंधेरे में अवैध खनन करवाया।
इसी दौरान अचानक रेत और मिट्टी धंस गई, जिससे अमित कश्यप उसकी चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वहीं, अमित यादव गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके जांघ और पैर में चोटें आई हैं।
घटना के बाद आरोपी ने सच्चाई छुपाने के लिए साजिश रची। उसने ट्रैक्टर को घटनास्थल से दूर ले जाकर ट्रॉली पलट दी और इसे सड़क दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की। लेकिन पुलिस की सूझबूझ और गहन जांच के आगे आरोपी की चालाकी ज्यादा देर नहीं टिक सकी।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 और 238(बी) के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

गिरफ्तार आरोपी:-
तोषण कश्यप (34 वर्ष), निवासी ग्राम गढ़वट, थाना रतनपुर, जिला बिलासपुर
इस कार्रवाई में प्रशिक्षु आईपीएस अंशिका जैन, उपनिरीक्षक विष्णु यादव, सहायक उपनिरीक्षक नरेश गर्ग एवं आरक्षक गोविंदा यादव का विशेष योगदान रहा।
यह घटना न केवल अवैध खनन के खतरों को उजागर करती है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि लालच की कीमत कभी-कभी मासूम जिंदगियों से चुकानी पड़ती है।

