विधायक सुशांत शुक्ला के सुझाव पर स्कूलों के समय में भी किया गया बदलाव…
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने जनहित में महत्वपूर्ण पहल करते हुए 13 अप्रैल 2026 को जिला प्रशासन को पत्र भेजकर स्कूलों के समय में बदलाव और दोपहर के दौरान ट्रैफिक सिग्नल बंद रखने का सुझाव दिया था। विधायक ने अपने पत्र में कहा था कि दोपहर की तेज गर्मी और हीट वेव के कारण छात्र-छात्राओं, महिलाओं, बुजुर्गों और आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने जिले के सभी शासकीय और निजी विद्यालयों को प्रातःकालीन समय में संचालित करने तथा दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक ट्रैफिक सिग्नलों को अस्थायी रूप से बंद करने की मांग की थी।
विधायक के सुझाव को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन और यातायात पुलिस ने आमजन को राहत देने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में 17 अप्रैल 2026 से प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल अस्थायी रूप से बंद रखने का निर्णय लिया गया है।

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सिग्नल बंद रहने के दौरान भी नागरिकों को यातायात नियमों, सुरक्षा मानकों और लेन अनुशासन का पालन करना होगा। विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगों और बीमार व्यक्तियों को सड़क पार कराने और उन्हें प्राथमिकता देने की अपील की गई है।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि गर्मी और लू से बचाव के लिए पर्याप्त पानी पिएं, धूप में निकलते समय सिर ढंकें और स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर तत्काल यातायात पुलिस या कंट्रोल रूम से संपर्क करें।

