आदतन अपराधियों पर पुलिस का बड़ा प्रहार…रडार पर आये 250 बदमाश…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर जिले में अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने अब आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। आदतन अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए सघन चेकिंग और रेड अभियान तेज कर दिया गया है।

इस कार्रवाई के तहत 250 कुख्यात आरोपियों को चिन्हित कर उनकी हर गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के सख्त निर्देशों पर चल रहे इस अभियान का उद्देश्य सिर्फ कार्रवाई नहीं, बल्कि अपराध के पूरे नेटवर्क को जड़ से खत्म करना है। जिले के सभी थाना क्षेत्रों में चिन्हित अपराधियों के ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और उनकी गतिविधियों का बारीकी से विश्लेषण किया जा रहा है।

हर हरकत पर नजर, हर ठिकाने पर दबिश
इन 250 अपराधियों में वे लोग शामिल हैं जो पहले अवैध हथियार, देसी कट्टा, पिस्टल, मारपीट और अन्य गंभीर अपराधों में संलिप्त रहे हैं। पिछले एक साल के रिकॉर्ड और शिकायतों के आधार पर इनकी सूची तैयार की गई है।

साथ ही खनिज माफिया, ड्रग नेटवर्क, भू-माफिया और शराब तस्करी जैसे संगठित गिरोहों से जुड़े पुराने अपराधियों की भी दोबारा जांच शुरू कर दी गई है।
80 पर कड़ी कार्रवाई, आर्म्स एक्ट और BNSS के तहत शिकंजा।

अभियान के दौरान संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त और अवैध हथियार रखने वाले 80 व्यक्तियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के तहत सख्त प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।

अपराधियों के लिए सख्त चेतावनी
पुलिस ने साफ कर दिया है कि अब केवल सामान्य कार्रवाई नहीं होगी। यदि कोई भी चिन्हित अपराधी दोबारा आपराधिक गतिविधियों में शामिल पाया गया, तो उसकी अवैध संपत्ति तक जब्त की जाएगी और संगठित अपराध के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बिलासपुर में अब अपराध नहीं, कानून का राज चलेगा। पुलिस का यह अभियान लगातार जारी रहेगा ताकि कोई भी अपराधी बच न सके।

