कोटा पुलिस की त्वरित कार्रवाई से छात्र की हुई सुरक्षित वापसी…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
बिलासपुर छत्तीसगढ़/कोटा डाॅ. सीवी रमन विश्वविद्यालय, कोटा के बालक छात्रावास से लापता बी. फार्मेसी चतुर्थ सेमेस्टर के छात्र को कोटा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए नागपुर से सकुशल बरामद कर लिया। बरामदगी के बाद छात्र को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
थाना कोटा से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 7 मार्च 2026 को फिरंगीपारा कोटा निवासी सूचक राजा मिश्रा ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि गया (बिहार) निवासी 20 वर्षीय छात्र रोहित कुमार, जो विश्वविद्यालय के छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रहा था, 6 मार्च से अचानक लापता हो गया है। मामले में गुम इंसान क्रमांक 29/2026 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस नुपूर उपाध्याय के मार्गदर्शन में टीम गठित कर लगातार पतासाजी की गई। पुलिस ने छात्र के सहपाठियों से पूछताछ, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), बैंक खातों की जानकारी, सीसीटीवी फुटेज, बस स्टैंड व रेलवे स्टेशन सहित विभिन्न स्थानों पर जांच की। साथ ही दमोह, मथुरा और वृंदावन तक तलाश की गई।
लगातार प्रयासों के बाद 25 अप्रैल 2026 को तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर छात्र के नागपुर में होने की जानकारी मिली। तत्काल पुलिस टीम रवाना की गई और 26 अप्रैल को छात्र को नागपुर से बरामद कर कोटा लाया गया।

पूछताछ में छात्र ने बताया कि वह ऑनलाइन गेमिंग में लिप्त था और कई लोगों से उधार लेकर गेम में पैसे लगा चुका था। इस बात का डर उसे अपने परिवार को बताने से रोक रहा था, जिसके चलते उसने हॉस्टल से भागने की योजना बनाई।
इस कार्रवाई में निरीक्षक नरेश चौहान, उप निरीक्षक गोपाल खाण्डेकर सहित आरक्षक धर्मेंद्र साहू, अनिल साहू, जलेश्वर साहू एवं सायबर सेल के आरक्षक प्रशांत राठौर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

