क्षेत्र के कार्यपालक निदेशक ए.के. अम्बस्थ ने उपभोक्ताओं से की अपील बोले…
सही लोड की जानकारी दे तभी संभव होगी निर्बाध आपूर्ति…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज}
बिलासपुर गर्मी के मौसम में बिजली की बढ़ती खपत के बीच विद्युत विभाग ने आम उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील करते हुए स्पष्ट किया है कि सही लोड जानकारी देने से ही क्षेत्र में निर्बाध और सुचारू बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकती है।
जिले में तापमान बढ़ने के साथ ही घरों, कार्यालयों और संस्थानों में कूलर व एसी का उपयोग तेजी से बढ़ा है। कई स्थानों पर उपभोक्ताओं द्वारा स्वीकृत क्षमता से अधिक बिजली उपयोग किए जाने के कारण ट्रांसफार्मरों पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है। इसके चलते फ्यूज उड़ने, डीओ गिरने और बार-बार बिजली बाधित होने जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं।
विद्युत विभाग ने स्पष्ट किया है कि राज्य स्तर पर बिजली उत्पादन और आपूर्ति पर्याप्त है, लेकिन स्थानीय स्तर पर असंतुलित लोड के कारण परेशानी उत्पन्न हो रही है। पहले जहां एक घर में पंखे और कूलर चलते थे, वहीं अब एक साथ कई एसी और अन्य भारी उपकरण उपयोग में लाए जा रहे हैं, जिससे ट्रांसफार्मरों की क्षमता पर असर पड़ रहा है।
विभाग द्वारा इस समस्या से निपटने के लिए प्रत्येक जोन में कर्मचारियों की तैनाती की गई है। शिकायत मिलते ही टीम मौके पर पहुंचकर त्वरित सुधार कार्य कर रही है। साथ ही, अवैध कनेक्शन और हुकिंग पर भी सख्ती बरती जा रही है, क्योंकि इससे केबल ओवरलोड होकर शॉर्ट सर्किट और तार टूटने जैसी घटनाएं बढ़ रही हैं।

बिलासपुर क्षेत्र के कार्यपालक निदेशक ए.के. अम्बस्थ ने कहा कि उपभोक्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे अपने वास्तविक बिजली उपयोग की सही जानकारी विभाग को दें। इससे जरूरत के अनुसार ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाई जा सकेगी और बार-बार होने वाली बिजली बाधा को काफी हद तक कम किया जा सकेगा।
उन्होंने यह भी बताया कि उपभोक्ताओं के स्वीकृत लोड की नियमित समीक्षा की जाती है। यदि लगातार तीन माह तक खपत निर्धारित सीमा से अधिक पाई जाती है, तो अधिकतम उपयोग के आधार पर नया लोड स्वीकृत कर बिल जारी किया जाता है।
विद्युत विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे जिम्मेदारी के साथ बिजली का उपयोग करें और सही लोड घोषित कर क्षेत्र में स्थिर एवं निर्बाध बिजली व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें।

