शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने की
आधिकारिक घोषणा…!
रायपुर-{जनहित न्यूज़}
रायपुर छत्तीसगढ़ के लाखों विद्यार्थियों का इंतज़ार अब खत्म होने जा रहा है। प्रदेश के 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम बुधवार, 29 अप्रैल को दोपहर 2:30 बजे जारी किए जाएंगे। इसकी आधिकारिक घोषणा शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने की है।
शिक्षा मंत्री ने अपने संदेश में कहा कि यह सिर्फ अंकों की घोषणा नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की वर्षों की मेहनत, अनुशासन और अभिभावकों व शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने सभी छात्रों को धैर्य बनाए रखने, परिणाम को सकारात्मक दृष्टिकोण से स्वीकार करने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की शुभकामनाएं दी हैं।
इस वर्ष हाईस्कूल (10वीं) में 3,20,535 और हायर सेकेंडरी (12वीं) में 2,45,785 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए हैं। बड़ी संख्या में छात्र आगे की पढ़ाई और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए अपने परिणाम का बेसब्री से इंतज़ार कर रहे हैं।
गौरतलब है कि इस बार परीक्षाएं 20-21 फरवरी से शुरू होकर 18 मार्च तक चलीं। हालांकि, हिंदी पेपर लीक होने के कारण 10 अप्रैल को पुनः परीक्षा आयोजित करनी पड़ी, जिससे परिणाम जारी होने में थोड़ी देरी हुई।
पिछले वर्ष 10वीं का परिणाम 68.76% और 12वीं का 82.25% रहा था। ऐसे में इस बार भी बेहतर परिणाम की उम्मीद की जा रही है।
अब सबकी निगाहें कल दोपहर 2:30 बजे होने वाली आधिकारिक घोषणा पर टिकी हैं, जो छात्रों के भविष्य की नई दिशा तय करेगी।

