हत्या के प्रयास के गंभीर मामले में सरकंडा पुलिस की त्वरित कार्रवाई 10 आरोपी गिरफ़्तार..!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर थाना सरकंडा क्षेत्र में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, लेकिन सरकंडा पुलिस की तत्परता और सख्त कार्रवाई से मामले में तेजी से सफलता हासिल हुई। नाली में बाथरूम करने की बात को लेकर हुए विवाद में हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामले में पुलिस ने 3 आरोपियों समेत 7 अपचारी बालकों को पकड़ लिया है।
घटना 25 अप्रैल 2026 की रात करीब 12 बजे की है, जब प्रभात चौक चिंगराजपारा निवासी सनत सारथी टहल रहे थे। इसी दौरान विक्की अहिरवार और उसके साथियों ने नाली में पेशाब करने की बात को लेकर विवाद शुरू किया। बात बढ़ते-बढ़ते गाली-गलौच और मारपीट तक पहुंच गई, जिसमें आरोपियों ने डंडा और चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में प्रार्थी सहित बीच-बचाव करने आए अन्य लोगों को भी चोटें आईं।
मामले की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई शुरू की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन श्री निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

सीसीटीवी से खुला राज
पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें करीब 15 लोग मुंह ढंककर मारपीट करते नजर आए। बारीकी से जांच कर 10 आरोपियों की पहचान की गई, जिनमें 3 बालिग और 7 अपचारी बालक शामिल हैं।

कानूनी कार्रवाई जारी
गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। साथ ही घटना में प्रयुक्त चाकू और डंडे भी जब्त कर लिए गए हैं। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस का सख्त संदेश
सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। अपराधियों के खिलाफ सख्त और त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।
सरकंडा पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा और कानून व्यवस्था के प्रति लोगों का भरोसा और मजबूत हुआ है।

