नाबालिका से दैहिक शोषण का आरोपी पुणे से गिरफ्तार…
पीड़िता सुरक्षित बरामद
सिटी कोतवाली की कार्रवाई…!
मुंगेली-{जनहित न्यूज़}
मुंगेली वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के कुशल निर्देशन में थाना सिटी कोतवाली मुंगेली पुलिस ने एक गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाकर दैहिक शोषण करने वाले आरोपी को महाराष्ट्र के पुणे से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पीड़िता को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 1 मार्च 2026 को सिटी कोतवाली क्षेत्र की एक नाबालिग बालिका के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध क्रमांक 74/2026 धारा 137(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम लगातार पतासाजी में जुटी रही। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टीम को पुणे (महाराष्ट्र) रवाना किया गया।
30 अप्रैल 2026 को पुलिस ने पुणे में दबिश देकर आरोपी दुजे राम ध्रुव (23 वर्ष), निवासी बलौदी, को हिरासत में लिया और उसके कब्जे से नाबालिग पीड़िता को सुरक्षित बरामद किया।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ रखा और उसके साथ गलत कार्य करता रहा। पुलिस ने साक्ष्य एकत्र कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2), 87, 64(2)(एम) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 और 6 के तहत मामला दर्ज कर 3 मई 2026 को आरोपी को

विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े सहित उप निरीक्षक पारख राम साहू, राजेश बंजारे, नोहर डड़सेना और चंद्रसेन साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
मुंगेली पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से आमजन में सुरक्षा और कानून व्यवस्था के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है।

