घबराहट में खरीदारी न करें, पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध सभी पेट्रोल पंपों को 24 घंटे संचालन के दिए निर्देश…
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर जिले में पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता को लेकर किसी भी प्रकार की चिंता की आवश्यकता नहीं है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में ईंधन का पर्याप्त भंडार मौजूद है और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य एवं सुचारु रूप से संचालित हो रही है।
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने आम जनता से अपील करते हुए कहा है कि वे किसी भी प्रकार की भ्रामक खबरों और अफवाहों पर ध्यान न दें तथा केवल आवश्यकता के अनुसार ही पेट्रोल-डीजल की खरीदी करें। उन्होंने कहा कि अफवाहों के कारण अचानक बढ़ी मांग से कुछ स्थानों पर अस्थायी दबाव की स्थिति बनी थी, लेकिन प्रशासन और ऑयल कंपनियों की सतत निगरानी से स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
खाद्य नियंत्रक अमृत कुजूर ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में वर्तमान में पेट्रोल का 1191 किलोलीटर तथा डीजल का 1507 किलोलीटर स्टॉक उपलब्ध है, जो आने वाले पांच दिनों से अधिक की आवश्यकता को पूरा करने के लिए पर्याप्त है। जिले में संचालित कुल 146 पेट्रोल पंपों में से केवल 8 पंपों पर अस्थायी रूप से ड्राईआउट की स्थिति बनी थी, जहां लगातार आपूर्ति कर स्टॉक उपलब्ध कराया जा रहा है।

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने तीनों ऑयल कंपनियों के सेल्स अधिकारियों एवं खाद्य विभाग के अधिकारियों के साथ संयुक्त समीक्षा बैठक लेकर आपूर्ति व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की। बैठक में निर्देश दिए गए कि मांग और खपत के अनुसार सतत आपूर्ति बनाए रखी जाए ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जनसुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने जिले के सभी पेट्रोल पंपों को 24 घंटे संचालन के निर्देश दिए हैं। साथ ही ईंधन आपूर्ति से संबंधित शिकायतों एवं जानकारी के लिए कॉल सेंटर नंबर 07752-224150 भी जारी किया गया है।

जिला प्रशासन ने पुनः स्पष्ट किया है कि जिले में पेट्रोल एवं डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और नागरिकों को घबराने की बिल्कुल आवश्यकता नहीं है। प्रशासन लगातार मॉनिटरिंग कर रहा है तथा आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है।

