तीन नाबालिकाएँ परिजनों के पास सकुशल पहुँची…!
दुष्कर्म के तीनों आरोपी गिरफ्तार…!
मुंगेली-{जनहित न्यूज़}
मुंगेली जिले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के कुशल निर्देशन और सतत मॉनिटरिंग में चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान अभियान के तहत जिले के तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों की पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जरहागांव, चिल्फी और पथरिया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन नाबालिग बालिकाओं को सकुशल बरामद कर दैहिक शोषण करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री नवनीत कौर छाबड़ा एवं संबंधित अधिकारियों के मार्गदर्शन में गठित टीमों ने तकनीकी सहायता और मुखबिर सूचना के आधार पर लगातार कार्रवाई करते हुए इन गंभीर मामलों का खुलासा किया।

जरहागांव पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हिमाचल प्रदेश से बरामद हुई नाबालिग
थाना जरहागांव क्षेत्र से लापता हुई नाबालिग बालिका को पुलिस ने हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले से सकुशल बरामद किया। जांच में सामने आया कि आरोपी विनय सिंह ठाकुर ने शादी का झांसा देकर बालिका को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाकर दैहिक शोषण किया।
पुलिस ने आरोपी विनय सिंह ठाकुर, निवासी तखतपुर जिला बिलासपुर, को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध बीएनएस एवं पॉक्सो एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक शोभा यादव सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।

चिल्फी पुलिस ने नाबालिग को बरामद कर आरोपी को भेजा जेल
चौकी डिंडौरी थाना चिल्फी क्षेत्र से गायब नाबालिग बालिका को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम लीलापुर से बरामद किया। जांच के दौरान पीड़िता ने आरोपी दुर्गेश साहू उर्फ सुनील पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर बीएनएस एवं पॉक्सो एक्ट की धाराओं के तहत न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रघुवीर लाल चंद्रा, चौकी प्रभारी मनक राम ध्रुव सहित पुलिस स्टाफ की अहम भूमिका रही।

पथरिया पुलिस ने रायपुर से बरामद की नाबालिग थाना पथरिया क्षेत्र में नाबालिग बालिका के अपहरण मामले में पुलिस ने तकनीकी सहायता के आधार पर रायपुर पहुंचकर बालिका को आरोपी हिमेश घृतलहरे के कब्जे से बरामद किया। पूछताछ में पीड़िता ने आरोपी द्वारा शादी का झांसा देकर दैहिक शोषण किए जाने की जानकारी दी।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर बीएनएस एवं पॉक्सो एक्ट की धाराओं के तहत जेल भेज दिया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी गिरिजा शंकर यादव सहित पुलिस टीम का विशेष योगदान रहा।
पुलिस की तत्परता से परिजनों में राहत
तीनों मामलों में मुंगेली पुलिस की सक्रियता, त्वरित कार्रवाई और ऑपरेशन मुस्कान अभियान की प्रभावी रणनीति के चलते नाबालिग बालिकाओं को सुरक्षित उनके परिजनों तक पहुंचाया जा सका। जिले में लगातार हो रही इन सफल कार्रवाइयों से पुलिस की सजगता और अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख स्पष्ट दिखाई दे रहा है।

