SSP रजनेश सिंह की परिपक्व कार्यशैली कुशल नेतृत्व में थाना तारबाहर की कार्रवाई अंबिकापुर से 3 आरोपी गिरफ्तार…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर की तारबाहर पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए “म्यूल अकाउंट सिंडिकेट” का पर्दाफाश किया है। बैंक खाते किराए पर लेकर साइबर ठगी गिरोहों को उपलब्ध कराने वाले नेटवर्क से जुड़े तीन युवकों को अंबिकापुर से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों द्वारा उपलब्ध कराए गए बैंक खातों के खिलाफ देश के अलग-अलग राज्यों में 60 से अधिक साइबर फ्रॉड के मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, थाना तारबाहर में पूर्व में गिरफ्तार आरोपी दीपेश कुमार गुप्ता से पूछताछ और उसके मोबाइल फोन से मिले डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर अंबिकापुर निवासी नवनीत मिश्रा उर्फ विक्की पंडित, ऋषभ साहू और राजा घरानी की संलिप्तता सामने आई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें चौंकाने वाले खुलासे हुए।
जांच में पता चला कि आरोपी आपस में व्हाट्सएप और मोबाइल के माध्यम से विभिन्न लोगों के बैंक खातों की जानकारी साझा करते थे और कमीशन के बदले “म्यूल अकाउंट” उपलब्ध कराते थे। इन खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम को प्राप्त करने, ट्रांसफर करने और निकालने में किया जाता था, जिससे असली साइबर अपराधियों तक पहुंचना बेहद मुश्किल हो जाता था।
पुलिस का कहना है कि ऐसे म्यूल अकाउंट सिंडिकेट साइबर अपराधियों के लिए स्लीपर सेल की तरह काम करते हैं। ये नेटवर्क आम लोगों के बैंक खातों को लालच देकर संगठित साइबर ठगी गिरोहों तक पहुंचाते हैं, जिसके जरिए करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी की रकम देशभर में तेजी से ट्रांसफर की जाती है।
प्रकरण में पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। मोबाइलों का तकनीकी परीक्षण किया जा रहा है, वहीं आरोपियों से जुड़े बैंक खातों, डिजिटल ट्रांजेक्शन और नेटवर्क की विस्तृत जांच जारी है। तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

गिरफ्तार आरोपी:
नवनीत मिश्रा उर्फ विक्की पंडित (19 वर्ष), नवापारा, अंबिकापुर
ऋषभ साहू (24 वर्ष), कम्पनी बाजार, अंबिकापुर
राजा घरानी (22 वर्ष), डिगमा, नेहरू नगर, अंबिकापुर

