ऑनलाइन दवा बिक्री और जीएसआर नियमों के विरोध में औषधि विक्रेता संघ ने जताई कड़ी आपत्ति…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] ऑनलाइन दवा बिक्री व्यवस्था एवं केंद्र सरकार के जीएसआर नियमों के विरोध में जिला औषधि विक्रेता संघ बिलासपुर ने 20 मई को मेडिकल दुकानों के बंद का ऐलान किया है। इस संबंध में मंगलवार को बिलासपुर प्रेस क्लब में आयोजित प्रेसवार्ता में संघ पदाधिकारियों ने अपनी मांगों और चिंताओं को विस्तार से रखा।
आल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स (AIOCD) से संबद्ध जिला औषधि विक्रेता संघ के जिला एवं प्रदेश अध्यक्ष राकेश शर्मा ने कहा कि संगठन की तीन प्रमुख मांगों—GSR 220, GSR 817 तथा ऑनलाइन दवा बिक्री व्यवस्था—को लेकर यह विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कोविड काल में शुरू हुई ऑनलाइन दवा बिक्री प्रणाली अब बड़े स्तर पर दुरुपयोग का माध्यम बनती जा रही है।
राकेश शर्मा ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित फर्जी प्रिस्क्रिप्शन तैयार कर बिना समुचित सत्यापन के दवाइयों की आपूर्ति की जा रही है, जिससे नारकोटिक और साइकोट्रोपिक दवाओं के दुरुपयोग की आशंका बढ़ गई है। उन्होंने इसे जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बताते हुए कहा कि ऑनलाइन दवा बिक्री से स्थानीय मेडिकल व्यवसाय और उससे जुड़े लाखों परिवारों की आजीविका पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि पारंपरिक मेडिकल स्टोरों में फार्मासिस्ट मरीजों को दवाओं की सही जानकारी, डोज और सेवन संबंधी आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराते हैं, जबकि ऑनलाइन व्यवस्था में मानवीय परामर्श का अभाव रहता है। महामारी और आपदा जैसे कठिन समय में स्थानीय मेडिकल व्यवसायियों द्वारा निभाई गई सेवाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने शासन-प्रशासन से मांगों पर गंभीरता से विचार करने की अपील की।
संघ ने जिले के सभी केमिस्ट साथियों से 20 मई के बंद को सफल बनाने हेतु सहयोग की अपील की है। प्रेसवार्ता में सच्चानंद तीर्थानी, हरेंद्र सिंह, संजय महोबे, विशाल गोयल, विजय ठाकुर, नरेंद्र शर्मा सहित संघ के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

