उपमुख्यमंत्री अरुण साव बोले…
हर जरूरतमंद तक अब पहले से भी तेजी से पहुंचेगी पुलिस की सहायता सेवा…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर आमजन की सुरक्षा और आपातकालीन सहायता व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में बिलासपुर जिले को 24 नई अत्याधुनिक डायल-112 वाहन सेवाओं की बड़ी सौगात मिली है। बिलासागुड़ी परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने इन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। नई हाईटेक वाहनों के शामिल होने से जिले की पुलिस रिस्पॉन्स प्रणाली अब पहले से अधिक तेज, प्रभावी और आधुनिक हो जाएगी।
कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से जुड़े उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि डायल-112 सेवा आज संकट की घड़ी में आम जनता का सबसे बड़ा सहारा बन चुकी है। नई तकनीक और आधुनिक संसाधनों से लैस ये वाहन दुर्घटना, अपराध, आपदा और अन्य आपात परिस्थितियों में लोगों तक तेजी से पहुंचकर सहायता प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था को तकनीकी रूप से और मजबूत बनाने लगातार प्रयासरत है, ताकि हर नागरिक को सुरक्षित वातावरण मिल सके।

तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह ने कहा कि डायल-112 सेवा जनता के भरोसे का प्रतीक बन गई है और संकट के समय लोगों को त्वरित राहत देने में अहम भूमिका निभा रही है। वहीं बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि सूचना मिलते ही टीम लोकेशन ट्रेस कर तुरंत मौके पर पहुंचती है, जो इस सेवा की सबसे बड़ी विशेषता है।

बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि किसी भी दुर्घटना या अपराध की स्थिति में सबसे पहले पुलिस ही मौके पर पहुंचती है। उन्होंने पुलिस जवानों की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि समाज और प्रशासन को मिलकर कानून व्यवस्था मजबूत करनी होगी। विधायक अटल श्रीवास्तव ने कहा कि डायल-112 सेवा ने आम लोगों के बीच अपनी अलग पहचान बनाई है और पुलिस की संवेदनशील कार्यप्रणाली से जनता का भरोसा लगातार बढ़ा है।

विधायक दिलीप लहरिया ने कहा कि पुलिस विभाग की सक्रियता से लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है। महापौर पूजा विधानी ने कहा कि अपराधियों में कानून का भय और आमजन में सुरक्षा का विश्वास बढ़ाने में डायल-112 महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी ने कहा कि अब इस सेवा का विस्तार ग्रामीण क्षेत्रों तक होने से जिले के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

आईजी रामगोपाल गर्ग ने बताया कि डायल-112 सेवा अब प्रदेश के सभी 33 जिलों में विस्तारित हो चुकी है। इसमें पुलिस के साथ फायर एवं एम्बुलेंस सेवाओं को भी जोड़ा गया है, जिससे लोगों को एक ही प्लेटफॉर्म पर त्वरित सहायता मिल रही है। उन्होंने बताया कि कई बार प्रसव जैसी आपात स्थितियों में भी डायल-112 टीम ने समय पर पहुंचकर मदद की है। साथ ही व्हाट्सएप सुविधा शुरू होने से सहायता प्राप्त करना अब और आसान हो जाएगा।

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि नई वाहन सेवा से शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में आपातकालीन सेवाओं की कार्यक्षमता बेहतर होगी। वहीं एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि नई वाहनों के जुड़ने से रिस्पॉन्स टाइम में सुधार आएगा तथा महिला हेल्पलाइन, चाइल्ड हेल्पलाइन, फायर एवं एम्बुलेंस सेवाओं के समन्वय से लोगों को और अधिक त्वरित सहायता मिलेगी।

कार्यक्रम में नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, एडिशनल एसपी पंकज पटेल, मधुलिका सिंह, एडिशनल एसपी ट्रैफिक रामगोपाल करियारे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पुलिस अधिकारी और नागरिक मौजूद रहे।

