दो मासूमों का उजड़ गया संसार आरोपी महिला गिरफ्तार…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] सिरगिट्टी क्षेत्र से रिश्तों को कलंकित कर देने वाला एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है, जहां प्रेम संबंधों के चलते एक पत्नी ने अपने ही पति को मौत के घाट उतरवा दिया। झारखंड निवासी महिला ने अपने प्रेमी और उसके दो साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
मिली जानकारी के अनुसार आरोपी महिला पूनम लोंमगा अपने पति विनोद लोंमगा को पैसों के लेन-देन का बहाना बनाकर ट्रेन से बिलासपुर लेकर आई थी। बताया जा रहा है कि हत्या की पूरी साजिश पहले से तैयार थी। रेलवे ट्रैक के पास पहले से मौजूद महिला के प्रेमी और उसके दो साथियों ने मिलकर विनोद पर हमला कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को पानी से भरे गड्ढे में फेंक दिया ताकि मामला दुर्घटना लगे।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी महिला अपने प्रेमी के साथ वापस झारखंड लौट गई और परिवार वालों को लगातार गुमराह करती रही। लेकिन जब विनोद का कोई पता नहीं चला तो परिजनों को शक हुआ और उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जब महिला से सख्ती से पूछताछ की तो वह टूट गई और पूरे हत्याकांड का खुलासा हो गया।

पुलिस ने आरोपी महिला पूनम लोंमगा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है, जबकि फरार प्रेमी और उसके साथियों की तलाश तेज कर दी गई है।

इस हृदयविदारक घटना ने दो मासूम बच्चों की जिंदगी को अंधेरे में धकेल दिया है। पिता की मौत और मां के जेल जाने के बाद बच्चों के सिर से माता-पिता दोनों का साया उठ गया है। घटना के बाद परिवार और गांव में मातम पसरा हुआ है।

