SSp भोजराम पटैल के निर्देश पर जरहगांव पुलिस की त्वरित कार्रवाई…!
मुंगेली-{जनहित न्यूज़}
मुंगेली पुलिस ने महिला संबंधी अपराधों में तत्परता दिखाते हुए शादी का झांसा देकर युवती का दैहिक शोषण करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई भोजराम पटेल के निर्देशन में की गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जरहागांव थाना क्षेत्र की पीड़िता ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि आरोपी अरूणेश उर्फ गोलू प्रजापति निवासी कुम्हारपारा बरेला ने वर्ष 2017 से शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। आरोपी लगातार शादी का आश्वासन देकर युवती का शोषण करता रहा, लेकिन हर बार विवाह की बात को टालता रहा।
पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने 4 मई 2026 को दूसरी युवती से शादी कर ली। इसके बावजूद वह पीड़िता का पीछा करता रहा और 22 व 23 मई 2026 को किराए के मकान में जबरदस्ती दुष्कर्म किया। शिकायत के आधार पर थाना जरहागांव में अपराध क्रमांक 77/26 के तहत धारा 69 बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा के मार्गदर्शन में जांच आगे बढ़ाई गई। विवेचना के दौरान एससी-एसटी एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गईं तथा उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह द्वारा अग्रिम जांच की गई।
पुलिस ने पीड़िता का बयान और मेडिकल परीक्षण कराने के बाद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपराध स्वीकार कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक श्रीमती शोभा यादव, सहायक उप निरीक्षक लव सिंह ध्रुव एवं आरक्षक उमेश सोनवानी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

