कलेक्टर संजय अग्रवाल की मॉनिटरिंग में खनिज विभाग की ऐतिहासिक कार्रवाई 23 वाहन जब्त…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने अब तक की बड़ी कार्रवाइयों में से एक को अंजाम दिया है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के सख्त निर्देश एवं उप संचालक खनिज किशोर गोलघाटे के मार्गदर्शन में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान खनिज विभाग ने 23 वाहनों को जब्त कर खनिज माफियाओं में हड़कंप मचा दिया।
खनिज विभाग, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने जिले के तेंदुआ, कोटा, चौरसढ़ी, कछार, लोफंदी, सेंदरी, निरतु, लखराम, गढ़वत, खैरखुंडी, लोखंडी, तुर्काडीह एवं सकरी क्षेत्रों में ताबड़तोड़ जांच अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से रेत, मिट्टी, मुरूम एवं गिट्टी डस्ट के उत्खनन और परिवहन में लगे कुल 23 वाहनों को जब्त किया गया।

विशेष अभियान में 2 जेसीबी मशीन, 8 हाइवा और 13 ट्रैक्टर-ट्रॉली पर कार्रवाई की गई। तेंदुआ और कोटा क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन करते हुए 4 हाइवा एवं 3 ट्रैक्टर पकड़े गए। वहीं कोटा क्षेत्र में अवैध मिट्टी उत्खनन करते 1 जेसीबी मशीन और 1 ट्रैक्टर को जब्त किया गया।
चौरसढ़ी क्षेत्र में मुरूम उत्खनन करते 1 जेसीबी और 1 हाइवा पर कार्रवाई की गई, जबकि लोखंडी क्षेत्र में रेत परिवहन करते 1 हाइवा और उत्खनन करते 1 ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा गया। सकरी क्षेत्र में गिट्टी डस्ट परिवहन करते 2 हाइवा तथा मिट्टी-ईंट परिवहन करते 2 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की गईं।

इसके अलावा कछार और सेंदरी क्षेत्र में रेत उत्खनन करते 4 ट्रैक्टर-ट्रॉली तथा सेलर और गढ़वत क्षेत्र में रेत उत्खनन एवं परिवहन करते 2 ट्रैक्टर-ट्रॉली पर भी कार्रवाई की गई।

उप संचालक खनिज किशोर गोलघाटे ने बताया कि सभी जब्त वाहनों के विरुद्ध खान एवं खनिज अधिनियम 1957 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। जब्त वाहनों को कोनी, कोटा, रतनपुर और सकरी थाना परिसरों में सुरक्षित रखा गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

