बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] बिलासपुर-रायपुर हाईवे पर तेज रफ्तार BMW कार में खतरनाक स्टंट और यातायात नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाने का मामला सामने आया है। चलती कार के सनरूफ में बैठकर डांस करने का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर वायरल होते ही चकरभाठा पुलिस हरकत में आ गई और तत्काल कार्रवाई करते हुए लग्जरी BMW कार को जप्त कर लिया।
थाना चकरभाठा से मिली जानकारी के अनुसार दिनांक 24 मई 2026 को वाहन चालक प्रतीक लूथर अपनी BMW कार क्रमांक CG 10 CA 3999 में महिला मित्र के साथ रायपुर-बिलासपुर हाईवे पर तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चला रहा था। इसी दौरान महिला मित्र चलती कार के सनरूफ में बैठकर डांस करती नजर आई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो गया। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और त्वरित कार्रवाई करते हुए वाहन को पकड़कर थाना चकरभाठा लाया गया।
पूछताछ के दौरान वाहन चालक प्रतीक लूथर ने यातायात नियमों का उल्लंघन करना स्वीकार किया। पुलिस द्वारा वाहन चालक सहित अन्य संबंधित लोगों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत विधिवत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क पर इस तरह के स्टंट न केवल कानून का उल्लंघन हैं, बल्कि आम लोगों की जान को भी खतरे में डालते हैं। सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए किए जाने वाले ऐसे खतरनाक कृत्यों पर पुलिस की सख्त नजर है और आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

गिरफ्तार वाहन चालक:-
प्रतीक लूथर, पिता संजय लूथर, उम्र 36 वर्ष, निवासी A-21 ओम जोन, शुभम विहार, मंगला, बिलासपुर।

