रील योद्धाओं का आत्मविश्वास पुलिस कार्रवाई से कहीं ज्यादा तेज पुलिस का युवाओं में क्यो नही रहा भय…?
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार सख्त टिप्पणियां कर रहा है, लेकिन बिलासपुर की सड़कों पर कुछ रईसजादों और रीलबाज युवाओं का अलग ही ट्रैफिक संविधान चलता दिख रहा है। ताजा वायरल वीडियो में एक युवती चलती कार के सनरूफ से बाहर निकलकर हाथ में शैम्पेन की बोतल लहराते हुए ऐसा स्टंट करती नजर आई, मानो हाईवे नहीं बल्कि किसी म्यूजिक वीडियो की शूटिंग चल रही हो।

हैरानी की बात यह रही कि तेज रफ्तार कार सड़क पर दौड़ती रही, युवती रील बनवाती रही, कैमरा एंगल बदलते रहे, लेकिन पूरी सड़क पर पुलिस का कहीं अता-पता नहीं दिखा। ऐसा लग रहा था मानो हाईवे पेट्रोलिंग यूनिट भी शायद रील देखकर ही ड्यूटी करती हो पहले वायरल करो, फिर कार्रवाई मिलेगी!
यह मामला हाल ही में सामने आए BMW स्टंट केस से अलग बताया जा रहा है, जिसमें चकरभाठा पुलिस ने चलती BMW के सनरूफ में बैठकर डांस करने वाले युवकों पर कार्रवाई करते हुए वाहन जब्त किया था। लेकिन इस नए वीडियो ने साफ कर दिया कि सड़क पर रील योद्धाओं का आत्मविश्वास पुलिस कार्रवाई से कहीं ज्यादा तेज रफ्तार में दौड़ रहा है।
अब सोशल मीडिया पर लोग भी मजेदार टिप्पणियां कर रहे हैं। कोई इसे फास्ट एंड फ्यूरियस बिलासपुर एडिशन बता रहा है, तो कोई पूछ रहा है।
हाईवे पर पेट्रोलिंग थी या मोबाइल में रील स्क्रोलिंग चल रही थी…?
सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि आखिर ऐसे स्टंट करने वालों में कानून का डर क्यों खत्म होता जा रहा है? क्या बड़े घरों के बिगड़ैल बच्चों के लिए ट्रैफिक नियम सिर्फ आम जनता पर लागू होते हैं…? सड़क सुरक्षा अभियान, हेलमेट चेकिंग और चालान की सख्ती के बीच आखिर हाईवे पर खुलेआम चल रहे ऐसे खतरनाक तमाशे पुलिस की नजरों से कैसे बच जाते हैं…?
विशेषज्ञों का कहना है कि चलती कार के सनरूफ से बाहर निकलना जानलेवा साबित हो सकता है। अचानक ब्रेक, वाहन असंतुलन या मामूली टक्कर भी सीधे बड़े हादसे में बदल सकती है। लेकिन लाइक्स फॉलोअर्स और वायरल होने की होड़ में अब युवाओं के लिए सड़कें कंटेंट क्रिएशन स्टूडियो बनती जा रही हैं।
अब देखना होगा कि पुलिस इस वायरल वीडियो पर भी केवल सोशल मीडिया एक्टिव मोड में नजर आती है या सड़क पर वास्तविक सख्ती भी दिखाई देगी। फिलहाल तो बिलासपुर की जनता यही कह रही है
रील बनाओ, स्टंट दिखाओ और पुलिस को टैग करना मत भूलो!

