पुलिस का मेगा ऑपरेशन: वारंटी-फरारों पर गिरी गाज 201 वारंट तामील 21 आरोपी गिरफ्तार…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर जिलेभर में अपराधियों, वारंटियों और फरार आरोपियों के खिलाफ बिलासपुर पुलिस ने बड़ा अभियान चलाते हुए जोरदार कार्रवाई की है। पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ विशेष अभियान चलाकर समंस, वारंट तामिली और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की गई।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में ताबड़तोड़ दबिश देकर कुल 201 वारंट तामील किए। इनमें 77 गिरफ्तारी वारंट, 85 जमानती वारंट और 39 स्थाई वारंट शामिल हैं।

इसके साथ ही न्यायालय से जारी 163 समंस भी संबंधित व्यक्तियों को तामील किए गए।
पुलिस की इस विशेष कार्रवाई में विभिन्न मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे 21 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार इनमें कई आरोपी लंबे समय से गिरफ्तारी से बचते फिर रहे थे, जिन्हें लगातार निगरानी, तकनीकी सूचना और मुखबिर तंत्र की मदद से दबोचा गया।

अपराध नियंत्रण की दिशा में आगे बढ़ते हुए पुलिस ने जिले के 104 निगरानी बदमाशों और गुंडा तत्वों की भी सघन जांच की। उनकी गतिविधियों का सत्यापन किया गया तथा कानून व्यवस्था भंग करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

पूरे अभियान के दौरान पुलिस द्वारा कुल 489 कार्यवाहियां की गईं। एक साथ हुई इस व्यापक कार्रवाई से वारंटियों, फरार आरोपियों और असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने, न्यायालयीन आदेशों का पालन सुनिश्चित करने और कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

