डायल-112 की हकीकत परखी मौके पर पहुंचकर जांची पुलिस और एम्बुलेंस की तत्परता…!
मुंगेली-{जनहित न्यूज़}
मुंगेली आमजन को बेहतर, त्वरित और संवेदनशील पुलिस सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में मुंगेली पुलिस ने एक सराहनीय पहल करते हुए गुड पुलिसिंग का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) ने शुक्रवार देर रात स्वयं फरियादी बनकर डायल-112 की कार्यप्रणाली, रिस्पांस टाइम और आपातकालीन सेवाओं की वास्तविक स्थिति का औचक निरीक्षण किया।
रात्रि 11:38 बजे एसएसपी श्री पटेल ग्राम कोदवाबानी पहुंचे, जो थाना जरहागांव, लालपुर और सिटी कोतवाली क्षेत्र की सीमा से लगा हुआ है। वहां से उन्होंने डायल-112 पर सड़क दुर्घटना एवं घटनास्थल पर भीड़ जुटने की सूचना दी।
महज तीन मिनट के भीतर कंट्रोल रूम से रिस्पांस कॉल प्राप्त हुआ और टीम ने 15 से 20 मिनट में पहुंचने की जानकारी दी। इसके कुछ ही मिनट बाद वाहन रवाना होने का संदेश भी प्राप्त हुआ और लगभग 22 मिनट में डायल-112 की टीम मौके पर पहुंच गई।
घटनास्थल पर एसएसपी श्री पटेल स्वयं डायल-112 वाहन में बैठे, स्क्रीन पर दर्ज की जा रही सूचनाओं का अवलोकन किया और आरक्षक सुनील खाण्डे सहित स्टाफ की कार्यप्रणाली का बारीकी से निरीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इसके बाद रात्रि 1:10 बजे बस स्टैंड मुंगेली में एक अन्य दुर्घटना की सूचना मिलने पर एसएसपी स्वयं डायल-112 वाहन में बैठकर घटनास्थल पहुंचे। यहां उन्होंने न केवल पुलिस की त्वरित कार्रवाई का जायजा लिया बल्कि 108 एम्बुलेंस सेवा की कार्यप्रणाली का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डायल-112 वाहन चालक निर्धारित वर्दी में नहीं मिला, जिस पर एसएसपी ने ड्यूटी के दौरान अनिवार्य रूप से निर्धारित यूनिफॉर्म पहनने के कड़े निर्देश दिए।

एसएसपी भोजराम पटेल ने कहा कि डायल-112 केवल एक सेवा नहीं, बल्कि संकट की घड़ी में जनता का सबसे भरोसेमंद सहारा है। उन्होंने निर्देश दिए कि महिला सुरक्षा, सड़क दुर्घटनाओं, आपातकालीन परिस्थितियों एवं अपराध संबंधी प्रत्येक सूचना पर तत्काल, प्रभावी और संवेदनशील कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। पुलिसकर्मी घटनास्थल पर शीघ्र पहुंचें, आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करें तथा आम नागरिकों के साथ शालीन और मानवीय व्यवहार अपनाकर पुलिस के प्रति जनता का विश्वास और मजबूत करें।

मुंगेली पुलिस द्वारा डायल-112 सेवा को और अधिक प्रभावी, जवाबदेह एवं जनहितकारी बनाने के लिए लगातार नवाचार और निगरानी की जा रही है। एसएसपी भोजराम पटेल का यह औचक निरीक्षण स्पष्ट संदेश देता है कि बेहतर पुलिसिंग केवल निर्देशों से नहीं, बल्कि स्वयं मैदान में उतरकर व्यवस्था की वास्तविकता परखने से सुनिश्चित होती है।

