मंगेली सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी को धर दबोचा…! भेजा जेल…
मुंगेली-{जनहित न्यूज़}
मुंगेली वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में महिला संबंधी अपराधों एवं गुमशुदा नाबालिगों की त्वरित दस्तायाबी अभियान के तहत थाना सिटी कोतवाली मुंगेली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार 7 जनवरी 2026 को एक प्रार्थी ने थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। मामले में अपराध क्रमांक 08/2026 के तहत धारा 137(2) बीएनएस में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री नवनीत कौर छाबड़ा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम लगातार नाबालिग बालिका एवं आरोपी की तलाश में जुटी रही। मुखबिर एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पता चला कि बालिका ग्राम बैगाकापा निवासी रामेश्वर साहू के पास है।
पुलिस टीम ने 10 जून 2026 को ग्राम बैगाकापा पहुंचकर गवाहों की उपस्थिति में नाबालिग बालिका को आरोपी रामेश्वर साहू (18 वर्ष), पिता जनीराम साहू, निवासी बैगाकापा, थाना लालपुर, जिला मुंगेली के कब्जे से सकुशल बरामद किया। बालिका का स्वास्थ्य परीक्षण एवं कथन दर्ज कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया।
जांच में यह प्रमाणित हुआ कि आरोपी ने नाबालिग होने की जानकारी होने के बावजूद शादी का झांसा देकर उसे बहला-फुसलाकर पुणे ले गया और वहां लगातार उसका दैहिक शोषण किया। इसके आधार पर प्रकरण में धारा 87, 64(2) बीएनएस एवं पाक्सो एक्ट की धारा 4 एवं 6 जोड़ी गई।

आरोपी रामेश्वर साहू ने पूछताछ में अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद 11 जून 2026 को उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया तथा 12 जून 2026 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े, प्रधान आरक्षक तारे लाल कश्यप एवं आरक्षक दीपसिंह खूँटे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

