भारती नगर मुक्तिधाम का हुआ कायाकल्प: अग्रवाल सेवा समिति की डेढ़ करोड़ की जनसेवा पहल…!
विधायक अमर अग्रवाल ने किया लोकार्पण व वृक्षारोपण…
बिलासपुर-(जनहित न्यूज़)
अग्रवाल सेवा समिति द्वारा संचालित भारती नगर मुक्तिधाम के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कार्य के अवलोकन तथा वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन रविवार को गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक अमर अग्रवाल रहे। उनके साथ महापौर पूजा विधानी, आईजी रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह, नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे, अग्रवाल समाज के अध्यक्ष शिव अग्रवाल एवं समिति के सचिव सुनील सोंथालिया सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने मुक्तिधाम परिसर में नीम के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
मुक्तिधाम केवल अंतिम संस्कार का स्थल नहीं वरन सेवा और संवेदना का प्रतीक-अमर अग्रवाल

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि मुक्तिधाम मानव जीवन की अंतिम यात्रा का पवित्र स्थल है, इसलिए यहां स्वच्छ, सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि अग्रवाल सेवा समिति ने इस स्थान को जनहित की स्थायी परियोजना के रूप में विकसित कर समाज सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है।

उन्होंने महाराजा अग्रसेन के ‘एक रुपया और एक ईंट’ के सिद्धांत का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज का प्रत्येक व्यक्ति अपने सामर्थ्य अनुसार योगदान देकर जनकल्याण में सहभागी बन सकता है। उन्होंने अन्य सामाजिक संगठनों से भी सार्वजनिक स्थलों के संचालन एवं संरक्षण में आगे आने का आह्वान किया।

‘गिलहरी के योगदान जैसी है समाज की सेवा भावना’ आईजी रामगोपाल गर्ग
पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने कहा कि अग्रवाल समाज सदैव सामाजिक सेवा में अग्रणी रहा है। उन्होंने रामसेतु निर्माण में गिलहरी के योगदान का उदाहरण देते हुए कहा कि सेवा कार्य में छोटा-बड़ा कोई योगदान नहीं होता, बल्कि भावना और समर्पण सबसे महत्वपूर्ण होते हैं। उन्होंने मुक्तिधाम के सुव्यवस्थित संचालन के लिए अग्रवाल सेवा समिति की सराहना की।

डेढ़ करोड़ से हुआ मुक्तिधाम का कायाकल्प
समिति के पदाधिकारियों अजय जाजोदिया, सीए आनंद अग्रवाल, राजुल जाजोदिया, संजय अग्रवाल, मनीष अग्रवाल एवं अनिल अग्रवाल ने बताया कि अप्रैल 2025 से समिति द्वारा मुक्तिधाम के संचालन और विकास का कार्य किया जा रहा है। लगभग डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से यहां व्यापक विकास कार्य कराए गए हैं।
प्रमुख सुविधाएं फायर ब्रिक्स से बने आधुनिक अंतिम संस्कार चबूतरे:-
आगंतुकों के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था।
पंखे, लाइट, साउंड सिस्टम एवं दो वाटर कूलर।
गार्डन, पार्किंग और व्यापक हरियाली।
स्नान एवं पेयजल की सुविधा।
अस्थि कलश सुरक्षित रखने के लिए 10 लॉकर रात में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था।
सुरक्षा के लिए 35 सीसीटीवी कैमरे।
माली, सुरक्षा गार्ड, सफाई कर्मी तथा अंतिम संस्कार एवं दफन के लिए कर्मचारियों की नियमित व्यवस्था।

समिति ने बताया कि मुक्तिधाम के रखरखाव एवं कर्मचारियों के वेतन पर प्रतिमाह लगभग डेढ़ लाख रुपये व्यय किए जा रहे हैं।
दानदाताओं का हुआ सम्मान:-
कार्यक्रम में अतिथियों का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया गया तथा स्मृति स्वरूप तुलसी का पौधा भेंट किया गया। समाज के सहयोगी दानदाताओं को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित भी किया गया।

बड़ी संख्या में समाजजन रहे उपस्थित
कार्यक्रम में अग्रवाल समाज के साथ विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, प्रबुद्ध नागरिक एवं बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे। स्वागत भाषण समाज अध्यक्ष शिव अग्रवाल ने दिया, जबकि समिति के उद्देश्यों की जानकारी आनंद अग्रवाल ने प्रस्तुत की। कार्यक्रम का संचालन मनीष अग्रवाल तथा आभार प्रदर्शन अजय जाजोदिया ने किया।

