अवैध उगाही और दहशत फैलाने वाले गिरोह पर बिल्हा पुलिस का करारा प्रहार…
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर बिल्हा थाना प्रभारी निरीक्षक तोपसिंह नवरंग के नेतृत्व में बिल्हा पुलिस ने क्षेत्र में अवैध उगाही और दहशत फैलाने वाले हिस्ट्रीशीटर बदमाश सत्यप्रकाश उर्फ सत्या उर्फ प्रदीप घृतलहरे (44 वर्ष) निवासी कनेरी, थाना चकरभाठा को गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है। आरोपी लंबे समय से चकरभाठा और बिल्हा क्षेत्र में असामाजिक तत्वों के साथ मिलकर आम लोगों में भय का माहौल बना रहा था तथा क्रेशरों में चलने वाले ट्रक चालकों से अवैध वसूली कर रहा था।
पुलिस के अनुसार आरोपी अपने साथियों के साथ ग्राम पंचायत के सामने टेंट लगाकर वाहनों को रोकता, रॉयल्टी की जांच के नाम पर अवैध वसूली करता और पैसे नहीं देने वाले वाहन चालकों के साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी देता था। आरोपी खुलेआम शासन-प्रशासन को चुनौती देते हुए क्षेत्र में दहशत फैलाने का प्रयास कर रहा था।
मामले में प्रार्थी महेश शर्मा निवासी वार्ड क्रमांक-12, बिल्हा ने 17 जून 2026 को थाना बिल्हा में रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार 16 जून की दोपहर ग्राम दुर्गडीह में आरोपी सत्यप्रकाश घृतलहरे, उसका भाई दिलेश घृतलहरे तथा अन्य साथियों ने ट्रक चालकों पुन्नू यादव और मोनू राजपाल के साथ मारपीट कर शराब पीने के लिए अवैध रूप से रुपये की मांग की तथा क्रेशर मालिकों को पैसे नहीं देने पर वाहनों का संचालन बंद कराने की धमकी दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक तोपसिंह नवरंग ने तत्काल पुलिस टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू कराई। मुखबिर की सूचना पर सिरगिट्टी क्षेत्र में घेराबंदी कर हिस्ट्रीशीटर सत्यप्रकाश उर्फ सत्या को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ अवैध उगाही और मारपीट की घटना स्वीकार कर ली।
पुलिस ने घटनास्थल से अवैध रूप से लगाया गया टेंट और कुर्सियां भी जब्त की हैं। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर 18 जून 2026 को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। बिल्हा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई के बाद आसपास के गांवों में शांति का माहौल बना है तथा आम नागरिकों और वाहन चालकों ने राहत की सांस ली है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक तोपसिंह नवरंग, पीएसआई करन राज बघेल, आकाश बंजारे, प्रीति पैकरा, प्रधान आरक्षक अमर चंद्रा, प्रधान आरक्षक अनिल बंजारे, आरक्षक अर्जुन जांगड़े एवं संतोष मरकाम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

